रविवार, 1 जुलाई 2012

विमल चन्द्र पाण्डेय का संस्मरण - नौवीं किश्त

विमल चन्द्र पाण्डेय 

   पिछली किश्त में आपने पढ़ा कि विमलचन्द्र पाण्डेय यु.एन.आई. की अपनी नौकरी में किसी तरह से घिसट रहे होते हैं | वह तो भला हो 'मुखातिब' की उन गोष्ठियों का , जो उन्हें इन कठिन और उबाऊ दिनों में भी सकारात्मक सोचने और करने की प्रेरणा देने वाली साबित होती हैं | इसी समय उनके जीवन में कैलाश जी का आगमन होता है | जीवन के फक्कड़पन के बीच अदम्य जिजीविषा और प्रेरणा के  श्रोत कैलाश जी का सानिध्य विमलचन्द्र पाण्डेय को खूब भाता है | और अब आगे .....                        

                            तो प्रस्तुत है विमल चन्द्र पाण्डेय के संस्मरण 
                                   ई इलाहाब्बाद है भईया की 
                                        नौवीं किश्त 
                                  
                                    15...

कैलाश जी और मुझमें एक कॉमन बात थी जिसकी वजह से हम एक दूसरे के साथ इतना वक्त बिताने लगे थे. हालाँकि हमने इस पर बहुत कम बार ही बात की है लेकिन वह बात इतनी गहरे पैठी थी कि हम एक दूसरे को काफ़ी अच्छी तरह समझने लगे. वह कॉमन बात थी ज़िंदगी को लेकर हमारा नज़रिया. हम दोनों कहीं ना कहीं बहुत आशावादी आदमी थे और ज़िंदगी के सकारात्मक पहलुओं पर ध्यान देते थे यानि गिलास को आधा भरा देखते थे. लेकिन जैसे ज़िंदगी से प्यार करने वाले हर इंसान के भीतर कहीं गहरे से एक अँधेरा अकेलापन छुपा होता है वह कहीं ना कहीं हमारे भीतर था. इसलिए मैं हमेशा अपने प्रिय लोगों के साथ होने के बहाने खोजता हूँ और समय का सबसे अच्छा उपयोग मुझे वही लगता है जब हम अपने चाहने वालों की संगत में बैठ कुछ दिल की बातें कहें बनिस्पत हम कुछ और पैसे जुटा लें या फिर अपनी श्रेष्ठता साबित करने के लिए कोई काम करें. गौर से देखा जाए तो हम दोनों ही थोड़े अध्यात्मिक टाइप के थे और कैलाश जी में मुझे ये बात अच्छी लगी कि व्यवहार में कई जगह सामंती अवशिष्ट बचे रहने के बावजूद वह धर्म और ईश्वर जैसी अफवाहों को लेकर बड़े प्रेक्टिकल और तार्किक थे. बनारस में मेरे बचपन के दोस्तों में ज़्यादातर इस अफवाह की चपेट में आकर ज़िंदगी बिताने वाले हैं और मज़ेदार तो तब होता है जब वे इस कांसेप्ट को बड़ी मासूमियत से खाने-पीने और नाखून काटने तक से उसी तरह जोड़ देते हैं, जैसा उनके दिमाग में भरा गया है. चिकन खाने वाले दोस्त भी मंगलवार और गुरुवार को अण्डों तक को हाथ नहीं लगाते. आनंद अब भी मंगलवार की रात चिकन या अंडा करी बनने पर देर होने का इंतजार करता है और जैसे ही बारह बजते हैं, उसके प्रिय हनुमान जी अपना बोरिया बिस्तर समेट कर पेड़ की किसी डाल पर जा बैठते हैं क्योंकि दिन मंगलवार से बुधवार हो चुका होता है. जब आनंद देखता है कि हनुमान जी अपनी गदा वदा समेट कर जा चुके हैं तो वह आराम से आकर बैठता है और अंग्रेज़ी कैलेंडर के हिसाब से मंगलवार की रात बुधवार की सुबह का भोजन करता है.

इलाहाबाद छूटने के कुछ समय बाद मैंने कैलाश जी को लेकर एक कहानी ‘बड़े सज्जन आदमी हैं लेकिन...’ शुरू की थी लेकिन इसलिए छोड़ दिया कि कहीं वो ‘बाबा एगो हईये हउयें’ जैसी ना हो जाए क्योंकि दोनों का अन्त एक जैसा होना तय था. हालाँकि उस पर काम करता रहता था और सोचता था कि एक बार पूरी कर लूं फिर देखी जायेगी. कैलाश जी की हीरो होंडा उन्हीं के जैसी बिंदास चलती है और थोड़ा पीने के बाद उनकी मोटरसाईकिल हेलिकोप्टर बन जाती है. उनकी मोटरसाईकिल अपने आप में एक किरदार है और उसके बारे में बात करने से पहले मैं एकाध घटनायें याद करना चाहता हूँ.

ज्ञानपीठ में नए लेखकों की पांडुलिपियां आमंत्रित की गयी थीं और मैंने एक-एक करके अपनी सारी कहानियां टाइप की थीं और भेज दी थीं. मेरे साथ ही सत्यकेतु जी ने भी अपनी पाण्डुलिपि भेजी थी और मेरे कमरे में बैठ कर हम दोनों ने एक दूसरे की कहानियों के इंडेक्स देखे थे. शेषनाथ के साथ कहानियों के क्रम निर्धारित किये थे और उसने मेरी दो कहानियों के अच्छे नाम सुझाये थे जिनके नाम मैं बदलना चाहता था. सत्यकेतु ने अपने कहानी संग्रह का नाम ‘अकथ’ रखा था और मैंने ‘डर’. मुझे विश्वास था कि मेरी कहानियां औसत से तो अच्छी हैं ही और ये संग्रह छपने के लिए अनुशंसित होना चाहिए. मैं कहानियां लिखने तक उनके लिए परेशान रहता हूँ और उनके छप जाने के बाद पता नहीं क्यों उन्हें नापसंद करने लगता हूँ. मुझे अपनी कोई भी कहानी इतनी अच्छी नहीं लगती कि मैं उसके बारे में यहाँ एक पैराग्राफ लिख सकूँ. मेरे कुछ दोस्तों और समकालीनों का कहना है कि मैं अपने साहित्य को लेकर गंभीर नहीं हूँ. मैं अपने लिखने को लेकर बहुत सजग और गंभीर हूँ लेकिन उसे लेकर किसी साहित्यिक सौदेबाजी और आत्मप्रचार जैसा कभी मन में नहीं आता. फेसबुक पर आने के बाद से तो दोस्तों के सिखाए पर कुछ अमल भी करने लगा हूँ वरना मेरे कमरे में रहने वाले लोगों को भी पता नहीं चला करता था कि आज मैंने एक कहानी पूरी की है और कमरे पर मेरे पैसों की जो दारू पी रहे हैं वह इसी खुशी में है. कभी जो मेरे कई शुभचिंतक ये सलाहें दिया करते थे कि मुझे अपने लिखे को लेकर थोड़ा गंभीर होना चाहिए, मुझे बाद में उनकी मंशा समझ में आई कि उनके तईं गंभीर होने का उनका अर्थ हमेशा अपनी कहानियों और उनकी रचना प्रक्रिया के बारे में बात करने से था जिसकी तुलना में मैंने नैचुरल रूप से अगंभीर होने का विकल्प चुना है और मैं इसमें बहुत खुश हूँ.

मैं विवेक के साथ बैठा कमरे में कुछ बातें कर रहा था कि अचानक कथाकार मित्र मनोज कुमार पाण्डेय का फोन आया कि मुझे ज्ञानपीठ का नवलेखन पुरस्कार दिए जाने की घोषणा की गयी है. मैंने इसे मजाक में लिया और फोन कटने के बाद फिर से विवेक से बातों में मशगूल हो गया. इसके बाद जो फोन आया उसने मुझे विश्वास दिलाया कि ये घटना सच है. मुझे ज्ञानपीठ से आधिकारिक रूप से रवीन्द्र कालिया ने फोन किया और पुरस्कार दिए जाने कि सूचना दी. मैंने विवेक को बताया और उसने मुझे बधाई दी. फिर मैंने एकाध और दोस्तों को भी फोन करके बताया. दिल्ली में मुझे सिर्फ़ बिभव को सूचित करने की ज़रूरत होती है और वह सबसे तेज चैनल की तरह पूरी दिल्ली में ये बात फैला देता है. मैंने बेदिका और मुरारी को फोन पर ये खुशखबरी दी. मेरे दोस्तों की रेंज बहुत बड़ी है और दोनों तरह के दोस्त मेरे बहुत अजीज़ हैं. मुझे उस समय की मुख्यतः दो तरह की प्रतिक्रियाएं याद हैं. दोस्तों के एक समूह ने पूछा, “पैसा भी मिलेगा ?”

मैंने कहा, “हाँ, पचीस हजार रुपये मिलेंगे और मेरी पहली किताब भारतीय ज्ञानपीठ से छप के आयेगी.”

प्रतिक्रिया – “अबे किताब जाए गांड मराने, पचीस हजार रूपया....! सोचो कितने दिन तुम पार्टी दे सकते हो...बहुत सही गुरु.”

एक समूह ने पूछा, “किताब भी छपेगी ना ?”

मैंने कहा, “हाँ किताब भी छपेगी और पचीस हजार रुपये भी मिलेंगे.”

प्रतिक्रिया – “अरे महाराज, पैसे वैसे को गोली मारिये, ज्ञानपीठ से पहली किताब का मतलब समझ रहे हैं ? बहुत बधाई हो.”

मैंने दोनों तरह की प्रतिक्रियाओं को माथे से लगाया और जब फोनों के सिलसिले से निकल स्वघोषित, स्वपोषित, स्वयंभू सेलेब्रिटी होकर विवेक की ओर पलटा तो उसका एक मासूम सा सवाल सामने था.

“कबे तुम तो कहे थे कि ई सब पुरस्कार बिना तेल लगाये नहीं मिलता है. बहुत रगड़ना पड़ता है और तगड़ा जोगाड़ लगाना पड़ता है. कहाँ से लगवायो आपन जोगाड़ ?”

मैं कभी अपने ही दिए बयानों के जाल में फंस चुका था और मैंने उसे समझाने की कोशिश की कि कभी-कभी डिजर्विंग लेखकों को भी पुरस्कार दे दिए जाते हैं.

“अच्छा ! अपने के त डिजर्विंग दुनिया कहत है में, एमें कवन नयी बात है ?” मैंने उसे एकाध बार और विश्वास दिलाने की कोशिशें कीं और फिर चुप बैठ गया. एकाध दिन बाद वही शोध करके ये सूचना ले आया कि मुझे पुरस्कार इसलिए मिला है कि पांडुलिपियाँ कम गयी थीं और जिन लेखकों की गयी थीं उन अन्धों में मैं काना राजा था. मैंने इसका प्रतिवाद करना ज़रूरी नहीं समझा.

तो बात कैलाश जी की मोटरसाईकिल की होने वाली थी. मेरे पास पुरस्कार के पैसे अभी आये नहीं थे लेकिन बधाई देने वालों से ज़्यादा पार्टी मांगने वालों का तांता लग गया था. मैं भी इस सम्मान से खुश था और पहले सबको ये कह के टरकाने के बाद कि ‘पैसा मिलने पर पार्टी होगी’, मैंने पार्टी के लिए हामी भर दी. कैलाश जी ने अपने अध्यापन का फायदा उठाते हुए फाफामऊ के एक निजी स्कूल में रात को पार्टी आयोजित कर दी. हिमांशु जी, मुरलीधर जी, कैलाश जी और देवेन्द्र जी के साथ कैलाश जी के कुछेक और मित्रों को आमंत्रित किया गया. आमंत्रित तो युवा कवि अंशुल त्रिपाठी को भी किया गया लेकिन वादा करके और ऐन वक्त पर न आना उनकी एक ख़ास अदा है जिसपर मैं फ़िदा रहता हूँ. तो उस दिन भी निकलते-निकलते उन्हें कुछ ज़रूरी काम आ गया और वह नहीं आ पाए. पार्टी बड़ी हंगामाखेज रही और और कैलाश जी ने पीने के बाद मुरलीधर जी और हिमांशु जी समेत सबकी खटिया खड़ी कर दी. मैंने उन्हें समझाने की कोशिश की तो उन्होंने मुझ समेत युवा पीढ़ी के सभी लेखकों को गालियाँ दीं कि हम फैशन वाला लेखन कर रहे हैं और रेणु, प्रेमचंद और मुक्तिबोध जैसा लेखन नहीं हो रहा. विवेक ने कुछ कहने की कोशिश की तो उन्होंने विवेक को ये कहकर चुप करा दिया कि वह साहित्य में आउटसाईडर है इसलिए चुपचाप सुने सिर्फ़, बोले नहीं. उन्हें दरअसल रेणु और मुक्तिबोध की इतनी याद आ रही थी कि वह हाय रेणु हाय प्रेमचंद कहते हुए बाकायदा रो पड़े थे.

खैर, वहाँ जाने से पहले मैंने और विवेक ने तय किया था कि हम नशे में रात को बाईक चलाते हुए लौटने का जोखिम नहीं मोल लेंगे और वहीँ सो जायेंगे लेकिन पीने के बाद हमेशा की तरह आत्मविश्वास बढ़ गया था और मैंने अपनी डिस्कवर चलाने के लिए किक मारना शुरू कर दिया. जब कई किक के बाद भी वह स्टार्ट नहीं हुई तो विवेक ने मुझसे चाभी ली, उसे लगाया और मुझे दो बातें बताईं. “एक तो बाबा ई गाड़ी के पहिले चाबी लगाके ऑन करे पडत है और ओके बाद दूसर बात कि ई तुम्हार गाड़ी बटनस्टार्ट है.” ये पते की बात समझाने के बाद उसे लगा कि वह बहुत होश में है और उसने मुझे बिठा कर चलाना शुरू किया. हिमांशु जी मुरलीधर जी के स्कूटर पे थे और देवेन्द्र जी कैलाश जी की मोटरसाईकिल पर.

फाफामऊ वाली उस सड़क पर ट्रकों का आवागमन शुरू हो चुका था और हमारे एकदम पास से ट्रकें सन्न की आवाज़ करती गुज़र रही थीं. कुछ ट्रकों के ड्राईवर, जो पिए हुए थे और पीकर रात को गाड़ी चलाना अपना एकाधिकार समझते थे, हमें डगमगाती चाल में बाईक चलाते देख क्रोधित हो रहे थे और वो अपने ट्रक को हमारे वाहन के बिलकुल करीब लाते हुए धक्का मारने की इच्छा जताते. विवेक घबरा कर सड़क के किनारे गाड़ी उतर देता और गाड़ी और तेजी से डगमगाने लगती. जब भी गाड़ी डगमगाती, मैं नशे की झोंक में बडबडाता, “दो हम चलायें, साले तुमको नहीं आता चलाने.” विवेक भी बडबडाता, “चुपचाप बैठे रहो बे.”

तब तक हमने देखा कि एक मोटरसाईकिल हमारे बगल से हवा की रफ़्तार से गुज़री. गाड़ी की गति से घबरा कर हम नशे में जितना देख पाए, उसमें यही दिखा कि कैलाश जी मुकद्दर का सिकंदर के अमिताभ की तरह उचक-उचक के गाड़ी उड़ा रहे हैं और पीछे बैठे देवेन्द्र जी अलगनी पर टंगे सूखे कपड़े की तरह हाथ-पांव उठा कर हवा में उड़ रहे हैं. हमारी बगल से गुज़रने पर जो अस्पष्ट आवाज़ हम सुन पाए थे वो भी कुछ ऐसी ही थी, “अरे रोकिये कैलाश जी, हम मर जायेंगे.”

“अबे उ तो कैलाश जी लग रहे हैं, पीछे थे क्या अभी तक?” विवेक ने फालतू सा सवाल पूछा जिसका जवाब देने की मैंने ज़रूरत नहीं समझी और एक बार आंख खोल कर देखने के बाद फिर से उसके कंधे पर सो गया. विवेक ने गाड़ी की स्पीड बढ़ाई और कैलाश जी की मोटरसाईकिल का पीछा किया. इसमें समय तो काफ़ी लगा लेकिन आखिर हम पहुँच ही गए. रास्ते में हमें एक थका हुआ आदमी धीरे-धीरे चलता हुआ दिखा जिसने शायद हमें आवाज़ भी दी लेकिन हमने ध्यान नहीं दिया. हमने कैलाश जी को ओवरटेक किया तो वह अकेले थे और बुरी तरह से हंस रहे थे.

“आप अकेले? देवेन्द्र जी कहाँ हैं?” विवेक ने पूछा.

“अरे मैं उनको डरा रहा था ट्रक को ओवरटेक करके....वो कुछ ज़्यादा ही डर गए और मुझे गालियाँ देकर कहने लगे कि यही उतार दो मुझे...” कैलाश जी हँसे जा रहे थे लेकिन मैं गंभीर हो गया था.

“और आपने इतनी रात को उनको इस सुनसान सड़क पर उतर दिया ? दिमाग सही नहीं है क्या आपका?” मेरी डांट से वह थोड़े सामान्य हुए और उन्हें अपने किये पर पछतावा हुआ. “मैं तो सिर्फ़ एक पहिये पर गाड़ी चला कर उनसे मजाक कर रहा था बंधु...” उन्होंने अपराधी की तरह कहा, उन्हें अपनी गलती का बोध हो गया था. हम फिर से पीछे जाकर देवेन्द्र जी को रिसीव करने के लिए पीछे मुड़ने ही वाले थे कि देवेन्द्र जी एक वाहन पर लिफ्ट लेकर बगल से चिल्लाते हुए गुज़रे.
“कैलाश तुम्हारा दिमाग खराब हो गया है. मर जाओगे ऐसे ही.....” उनकी आवाज़ में गुस्सा था और उन्होंने कैलाश जी से ज़्यादा उनकी मोटरसाईकिल को जलती नज़रों से घूरा था.

अगले दिन सुबह-सुबह मेरे पास कैलाश जी का फोन आया. रात के हंगामे के बाद वह सबसे फोन करके माफ़ी मांगते थे और उनकी माफ़ी की स्क्रिप्ट इतनी तय थी कि सबको ज़बानी याद थी.

“मुझे इत्ती शर्म आ रही है विमल जी.....मैं आपके सामने अब कैसे आऊंगा हिमांशु सर....ये मदिरा इतनी गन्दी चीज है मुरलीधर भाई साहब....अब मैं पागल हूँ जो फिर से इसे हाथ लगाऊं......आपके ये बोलने से मुझे इतना संतोष हुआ है कि क्या कहूँ...बहुत बहुत धन्यवाद आदि आदि.”

कैलाश जी की ज़िंदगी कहानियों जैसी है और उसमें बहुत से विरोधाभास हैं. सबसे पहली बात तो है उनकी ज़िंदगी में अनवरत बनी रहने वाली परेशानियां. उनके परिवार में हमेशा कोई ना कोई बीमार रहता है और सब ठीक चले तो गांव से कोई इलाज कराने चला आता है जिसकी पूरी ज़िम्मेदारी उन पर ही आती है. संस्मरण का यह अंक लिखे जाने से पहले आज सुबह उनसे बात हुई है और पता चला है की अस्पताल में उनकी बहन भर्ती है जो छत से गिर गयी है हड्डियां टूट गयी हैं. उनके बहनोई उन्हें भर्ती कराकर वापस चले गए और दूसरे भाई आकार देख कर वापस गांव चले गए. अब आगे की ज़िम्मेदारी कैलाश जी को निभानी है जो अपने दो बेटों के साथ-साथ दो भतीजों की पढ़ाई का खर्च भी उठा रहे हैं. वह लगतार किसी ना किसी परेशानी में घिरे होते हैं और जब सब कुछ सही चल रहा होता है तो वह खुद बीमार हो जाते हैं. शायद उनकी कुंडली को परेशानियों की आदत हो गयी है. लेकिन इसका दूसरा पहलू यह है कि वह इन चीज़ों के बारे में बात करने से अधिकतर बचना चाहते हैं. शराब को उन्होंने बहुत पहले से अपना साथी और राजदार बनाया था जो अब उनकी किडनियों को धोखा दे रही है.

अभी दो महीने पहले मैं अपनी पत्नी को विदा कराने अपनी ससुराल गोरखपुर गया था. मैं सुबह जगा ही था कि मेरे मोबाइल पर इलाहाबाद से दुर्गेश का फोन आया और उसने हँसते हुए बताया कि अभी-अभी उसने दैनिक जागरण अखबार में पढ़ा है कि कैलाश जी कि मोटरसाईकिल चोरी हो गयी. उसे ना जाने क्यों ये खबर पढ़के बड़ा मजा आया था और उसने मुझे भी पढ़के सुनाया जिसका सारांश था कि एक अध्यापक डॉक्टर कैलाश मिश्रा की मोटरसाईकिल शोहदों ने तब पार कर दी जब वह अपने एक मित्र से मिलने गए थे. डॉक्टर मिश्रा चित्रकूट के एक गांव में अध्यापक हैं और उनका परिवार इलाहाबाद में रहता है. मेरे अन्दर का स्वार्थी लेखक जाग गया और मेरी लंबी कहानी जो एक मोड़ पर लंबे समय से अटकी थी, उसे अचानक एक अन्त मिलने का आभास होने लगा. मैंने ये फोन काटने के बाद फिर कैलाश जी को फोन मिलाया. वह ज्ञानवाणी में सुबह की ड्यूटी पर थे. क्या हुआ भाई साहब, मैंने पूछा.

“अरे बंधु, एक मित्र के साथ मैंने एक पार्क में थोड़ी सी वोदका पी और उसके बाद वो घर चला गया. मेरा मन नहीं भरा तो मैं एक बार में चला गया और बाईक बाहर खड़ी करके भीतर पीने लगा. जब बाहर निकला तो देखा गाड़ी है ही नहीं. बंधु आप तो जानते ही हैं की मेरी गाड़ी में ताला ही नहीं है. किसी माधरचोद हेरोइनबाज़ ने देख लिया होगा कि इसे खोलने के लिए चाभी की ज़रूरत नहीं है और ले गया.”

मेरे दिमाग में साल-डेढ़ साल पहले का वह दृश्य कौंध गया जब मेरे छोटे भाई की शादी के रिसेप्शन में कैलाश जी और विवेक इलाहाबाद से शामिल होने गए थे और विवेक को बहुत बड़ा आश्चर्य हुआ था कि कैलाश जी ने रात भर के लिए अपनी बिना चाभी के चल पड़ने वाली मोटरसाईकिल रामबाग रेलवे स्टेशन के सामने खड़ी कर दी थी और आराम से ट्रेन पकड़ बनारस चले आये थे. वह गाड़ी रात भर रामबाग स्टेशन पर भगवान भरोसे खड़ी रही थी.

“लेकिन आपको कैसे पता चला ?” उन्होंने पूछा.

“अरे दैनिक जागरण में निकला है. दुर्गेश ने बताया.”

“ओह, मैंने रात में अपने एक मित्र को बताई थी ये घटना जो जागरण में है, उसी ने छापी होगी.”

“आपको पुलिस में रिपोर्ट करनी चाहिए थी कैलाश जी, की या नहीं ?”

“मैं गया था मुठ्ठीगंज थाने बंधु लेकिन रिपोर्ट लिखीं नहीं दुष्ट पुलिसवालों ने.”
“ऐसा क्यों?” मैंने पूछा.

“पता नहीं, मैं धड़धड़ाते हुए एसओ के केबिन में घुस गया और मैंने कहा कि मेरी रिपोर्ट लिखिए तो मुझे भगा दिया उसने.” उनकी आवाज़ में बच्चों जैसी नाराज़गी थी.

“आखिर क्यों ?”

“कहने लगा मास्टर साहब कल होश में आइयेगा, अभी धीरे से निकल लीजिए यहाँ से नहीं तो अन्दर कर दूँगा. कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है बंधु.” मैंने उनकी बात में हामी भरी और उन्हें समझाया कि ज्ञानवाणी से निकल कर वह ज़रूर जाकर रिपोर्ट लिखवाएं. उन्होंने हामी भरी.

“अभी देखिये सुबह छह बजे से ड्यूटी थी तो बेटे कि साईकिल लेकर आया हूँ यहाँ. निकलूंगा तो लिखवा दूँगा रिपोर्ट.”
     
मैं अभी नहा धोकर खाना खाने जा ही रहा था कि एक घंटे के भीतर ही विवेक का मैसेज आया, “अबे चोरवा के फट गयी, अइसन आदमी के गाड़ी चोरायेस कि कोतवाली ले जाके वापस कर दिहिस.”

मैंने खुश होकर कैलाश जी को फोन लगाया तो उठाते ही वह आह्लादित आवाज़ में बोले, “तो आपको पता चल गया बंधु कि मेरी गाड़ी मिल गयी ? अभी थाने से फोन आया था कि कोतवाली के सामने इस नंबर की गाड़ी खड़ी है, आप कागज दिखाकर ले जाएँ. मुझे लगता है विमल जी ये पुलिस वाले खुद तो नहीं...?” मैंने उनकी पूरी बात नहीं सुनी. मुझे अच्छा लग रहा था. मैंने खाना छोड़कर अपनी कहानी पर काम करना शुरू कर दिया. बहुत जीवंत कहानी बन रही थी और मुझे लिखने में भी मज़ा आ रहा था लेकिन क्लाईमैक्स पर आते आते ना जाने क्यों मेरा मन उसे पूरा करने का नहीं हुआ.

वह कहानी अब भी अधूरी पड़ी है.

कुछ लोग किसी भी तरह के किस्से कहानियों से बड़े होते हैं. कैलाश जी उनमें से एक हैं.

                                          
                                                       क्रमशः .......

                                                प्रत्येक रविवार को नयी किश्त .....


संपर्क - 

विमल चन्द्र पाण्डेय 
प्लाट न. 130 - 131 
मिसिरपुरा , लहरतारा 
वाराणसी , उ.प्र. 221002

फोन न. - 09820813904
         09451887246


फिल्मो में विशेष रूचि 



बुधवार, 27 जून 2012

छोटे ख्याल : एक काव्‍य श्रृंखला : प्रेमचंद गांधी


प्रेमचन्द गांधी 


छोटे खयाल श्रृंखला की ये कवितायें जितनी अधिक प्रेमचंद गांधी की हैं , उससे कहीं अधिक पाठको की हैं ..|  इन्हें पढना आरम्भ तो आप , बतौर एक पाठक ही करते  हैं , लेकिन इन्हें पढने के बाद आपके भीतर का रचनाकार भी कुलांचे मारने लगता है ..| आपको ऐसा लगता है कि ऐसे बहुत सारे खयाल तो मेरे जेहन में भी उठते हैं ,और   यूँ ही मुझसे प्रतिदिन छूट जाते हैं ....|  जाहिर है कि एक लेखक की यही सबसे बड़ी सार्थकता होती है , कि वह गूढ़ और बड़ी बाते इतनी सहजता और सरलता के साथ व्यक्त कर जाए  , कि प्रत्येक दूसरा आदमी इन बातों और ख्यालों को अपना ही मानने लगे , और ऐसा करते हुए इन ख़यालों की एक मुकम्मल श्रृंखला तैयार हो जाए  | 

                  तो प्रस्तुत हैं 'सिताब दियारा' ब्लाग पर  "छोटे ख़याल : एक काव्य श्रृंखला"  के अंतर्गत 
                                                  प्रेमचंद गांधी की इक्कीस कवितायें 



लेखकीय वक्तव्य 

छोटे ख़याल : एक काव्‍य शृंखला : प्रेमचंद गांधी

अक्‍सर राह चलते या कुछ पढ़ते और काम करते हुए हमारे जेहन में बहुत मामूली-सी लगने वाली बातें आ जाती हैं, जो ज़रा सोचने पर बहुत गहरी और काव्‍यात्‍मक लगती हैं। ऐसी ही बहुत मामूली लगने वाली और अचानक आ जाने वाली पंक्तियों की कौंध ने जब काव्‍यात्‍मक आकार ग्रहण करना शुरु किया तो यह शृंखला अपने आप आगे बढ़ती गई। जीवन के हर पल में काव्‍यात्‍मकता कहीं न कहीं छुपी होती है, ज़रूरत उसे पकड़ने भर की होती है। मैंने कुछ कोशिश की है। पाठक और कविता-प्रेमी ही बताएंगे कि इसमें मैं कितना ख़रा उतरा हूं।


1
उसका होना भी क्‍या होना है
जिसे पाना है
न खोना है
बस इतना होना है कि
आंसुओं के झरने में
ग़म का पैरहन धोना है....


2
वो हंस कर बोल ले
तो लगता है
जिंदगी संवर गई जैसे
वरना तो
मुकर गई जैसे


3
दाना, पानी, आराम और
सुरक्षा की ही फिक्र हो तो
कोई पिंजरा बुरा नहीं
सब कुछ तो है पिंजरे में
बस आकाश नहीं है
जीवन का महारास नहीं है


4
उसका सपनों में आना भी
सपना हो गया

ज्‍यों पिंजरे के भीतर 
परिंदे का
उड़ना हो गया...


5
कुछ देर तो
आग की लपटों में
कालिख़ भी चमकती है
फिर 
तुम तो इंसान हो और
उजाले की इतनी कमी भी नहीं 
तो चमको ना... 


6
जीवन हो चाहे
तितली जितना

कुदरत को 
कुछ रंग दे जाएं हम

कुछ फूलों से पराग चुराकर
दे जाएं दूसरे फूलों को

फिर भले ही
बीज बनने से पहले
चले जाएं हम..


7
जागते हुए तो वो
हमसे भागता है प्रेम 

आओ
उसकी नींदों में
चलते हैं हम...


8
लिख राज़ की बातें
हर्फों में नगीनों की तरह
इक शख्‍स़ बहुत
ज़रूरी हैं जिंदगी में
रोटी, पानी, हवा
तीनों की तरह


9
पुलिस थाने के लेखक कक्ष में
एक सिपाही लिखता है रोज़नामचा
जो घटनाएं और वारदात
नहीं होती हैं दर्ज
उन्‍हें लिखते हैं वे लेखक
जो हवालात में हैं
या कि बाहर


10
इतने बरस बाद मिली गायत्री यादव 
पके हुए बालों में ना जाने कहां खो गई थी
वो दो चोटी वाली गबदू सी लड़की 
गोद में एक बच्‍चा था
'
पोता है, दवा दिला कर लाई हूं' 
उफ, क्‍या इसी को चिढ़ाते थे हम 
बचपन में रसखान को गा-गाकर 
'
अरी, अहीर की छोहरिया
छछिया भर छाछ पै नाच नचावत...'


11
एक उम्र में
पीहर में जाना
बीहड़ में जाना होता है


12
लंबी नाराजगियां
बहुत तकलीफ देती हैं
लंबी रेल यात्राओं की तरह

बिना आरक्षण के
साधारण डिब्‍बे में बैठे हों जैसे
और गंतव्‍य पर 
किसी के मिलने का भी 
कोई अंदाज न हो जैसे...

13
फरवरी तेरा बुरा हो
एक तो प्‍यार का दिन
तेरे आंचल में
उस पर कितने कम दिन
अरी फरवरी कमसिन
तेरे ही दिनों में एक दिन
सहनी पड़ी थी
उसकी नाराज़गी मुझे

जा फरवरी
तुझे मेरी बद्दुआ लगे
तू सदियों तक
कम दिनों को तरसे


14
सुघड़ गृहिणी
जो जानती है
षटरस व्‍यंजन बनाना
नहीं लिखती
व्‍यंजन विधियों की किताब
जैसे कुछ कवि लिखते हैं
कविता के बारे में कविता


15
जगह
किसी के बिना
बहुत दिनों तक
खाली नहीं रहती

कुछ दिन अकेलापन
फिर याद और ग़म
भरे रहते हैं
खाली जगह को
इसी ऊब में
उगती रहती है
इंतज़ार की दूब
और एक दिन
कोई चला आता है
खाली जगह भरने
एकांत हरने


16
पश्चिम में ख़ुदा है तो
तुम्‍हारा होगा
मैं पूरब का आदमी
पश्चिम नहीं जाउंगा
मैं वहां बिल्‍कुल नहीं जाउंगा
जहां सूरज अस्‍त होता है और
अंधेरे का साम्राज्‍य होता है


17
नदी और समंदर का
कोई किनारा नहीं होता
धरती का होता है
ज़मीन के दो टुकड़ों के बीच
पानी का साम्राज्‍य होता है


18
मौत ही
इकलौती सच्‍ची ख़बर है
जो रोज़ आती है
बिला नागा
बाकी सब उसके साथ
या तो चला जाता है
या कि चला आता है


19
नाक में दम कर देती है बदबू
बूचड़खाने से गुज़रते हुए लगता है
पृथ्‍वी पर
सबसे बड़ी बदबू का नाम है  
मृत्‍यु


20
रदीफ़ है
ना काफि़या है
क्‍या ग़ज़ब
शाइरी का माफिया है...

जैसे कलाम नातिया है
दाद देना शर्तिया है


21
सुनो 
हवाओं में घुलने वाली 
संदली खुश्‍बू का पैरहन पहनी
याद की तितली 
ज़रा
ग़ुले-इश्‍क का भी खयाल करो
वो आखिर कहां जायेगा....

(परवीन शाकिर की ग़ज़ल आबिदा परवीन की आवाज़ में सुनते हुए)
***      ****  


संपर्क एवं परिचय  

प्रेमचंद गांधी ..
जन्म - २६ मार्च १९६७ ..
निवास स्थान - जयपुर , राजस्थान ..
कविता संग्रह - इस सिंफनी में ..
निबंध संग्रह - संस्कृति का समकाल ..
कविता के लिए लक्ष्मण प्रसाद मंडलोई और राजेंद्र वोहरा सम्मान ..
पाकिस्तान की सांस्कृतिक यात्रा ...
प्रगतिशील लेखक संघ और ..
अन्य सामाजिक सांस्कृतिक संगठनो में सक्रिय भागीदारी ..
मो. न. .. 09829190626...



रविवार, 24 जून 2012

विमलचन्द्र पाण्डेय का संस्मरण -- आठवीं किश्त

             
विमलचन्द्र पाण्डेय


पिछली किश्त में आपने पढ़ा कि शाहरुख खान की बहुचर्चित फिल्म 'ओम् शांति ओम्' को देखने के बाद विमल और उनके इलाहाबादी दोस्त इस बात से हैरान होते हैं कि ऎसी सतही और बेकार फिल्म बाक्स आफिस पर इतनी हिट कैसे हो गयी ..| उनके मन में यह ख्याल आता है , कि हमें भी इस लाईन में कुछ करना चाहिए ..| वे लोग प्रयास भी करते हैं , लेकिन जैसा कि इस तरह के प्रयासों का हश्र होता है , उनके साथ भी वही दोहराया जाता है ..| इस बीच विमल का सामना पत्रकारिता के उस चेहरे से होता रहता है , जो न सिर्फ सडा-गला है , वरन आजकल किसी भी संवेदनशील आदमी के लिए जानलेवा भी बनता चला गया है ...| कि तभी उनके इलाहाबादी जीवन में कैलाश जी का आगमन होता है ...और फिर आगे ...

                     तो प्रस्तुत है विमलचन्द्र पाण्डेय के संस्मरण 
                              ई इलाहाब्बाद है भईया 
                                 की आठवीं किश्त 
                                  

                                      13...

यू.एन.आई. की राईवल कही जाने वाली एजेंसी पी.टी.आई. के इलाहाबाद के ब्यूरो चीफ नचिकेता नारायण मेरे लिए उस वक्त एक बड़े भाई की तरह मदद लेकर तब आये, जब मुझे इसकी सख्त ज़रूरत थी. हुआ ये कि जिस जियालाल जी ने मेरा उनसे परिचय कराया था , मेरे जाने के साल भर के भीतर ही उनका वाराणसी ट्रांसफर हो गया. ये मेरे लिए अच्छी बात भी थी और बुरी भी. मैं अब एक तरह से इलाहाबाद यूएनआई का अघोषित चीफ था लेकिन मेरे सिर पर जियालाल जी कंपनी की एक आलमारी, कई सभ्यताओं पहले का एक कंप्यूटर, एक बाबा आदम के ज़माने का टाईपरायटर, दो मेजों और कुछ कुर्सियों का भार भी छोड़ गए थे. वे अपने परिवार के साथ तीन कमरे का फ्लैट लेकर रहते थे और कंपनी के सामानों का उपयोग करते थे. मैं एक कमरे के लौज में रहने वाला इनका उपयोग कहाँ करता. एक दिन यूँ ही मुलाकात में मैंने अपनी समस्या नचिकेता जी से बताई और उन्होंने मेरी समस्या बाकायदा हल कर दी. उन्होंने एक पत्र लिखवा कर उसकी कार्बन कॉपी अपने पास रख ली जिसमें लिखा था कि आवश्यक जगह न होने पर मैं एजेंसी के कुछ सामान फलां पते पर रख रहा हूँ. यह मेरे लिए थोड़े संकोच की बात रही कि जितने समय के लिए वो सामान मैंने वहाँ रखे थे उसे कई गुना समय मुझे उन्हें वहाँ से हटाने में लग गया , लेकिन नचिकेता जी ने कभी इसकी शिकायत नहीं की. मैं उनका बहुत सम्मान करने लगा था और हमेशा उन्हें बड़े भाई जैसा आदर देता था जो अब भी बरक़रार है. मुझे वो एक कंप्लीट पत्रकार नज़र आते थे जो फालतू की किसी प्रेस कांफ्रेंस में कभी नहीं दिखाई पड़ते थे और उनके सूत्र हर जगह ऐसे मौजूद होते थे कि कोई भी खबर जब मुझे कहीं से नहीं मिलती तो मैं उनकी ही शरण लेता. उन्होंने कभी मुझे निराश नहीं किया और आज भी उनका स्नेह मुझ पर बड़े भाई की तरह ही है लेकिन शायद वह मूर्तियों के टूटने का समय था और वह दौर मुझे सिखा रहा था कि दुनिया में आदर्श नाम की कोई अवधारणा नहीं होती. मैं उस समय तक काफ़ी किताबी टाइप का आदर्शवादी था और थोड़ा व्यक्तिपूजक टाईप का भी . जो आदतें मेरे घर और समाज ने मुझे दी थीं वे साहित्य का साथ मिलने के बावजूद पूरी तरह टूटी नहीं थीं , हालाकि इलाहाबाद बड़े करीने से उन्हें एक-एक कर तोड़ता जा रहा था. नचिकेता जी अच्छा साहित्य पढ़ने वाले और अच्छी फ़िल्में देखने वाले एक सुलझे हुए इंसान थे और उन्हें देख कर मुझे लगता था कि अगर मैं दस साल और पत्रकारिता कर पाउँगा तो शायद उनके जैसा ही होऊंगा.

एक दिन मेरे पास भारतीय जनता पार्टी के पूर्व मंत्री मुरली मनोहर जोशी के यहाँ से फोन आया कि उन्होंने कुछ चुनिन्दा पत्रकारों को एक ख़ास वार्ता के लिए अपने घर पर आमंत्रित किया है. दो एजेंसियों यानि यूएनआई और पीटीआई के साथ ईटीवी के उमेश, आकाशवाणी के सुनील शुक्ल जी भी थे. मेरी याद्दाश्त के हिसाब से खुद को सबसे बड़ा कहने वाले दो अख़बारों के प्रतिनिधि भी थे. भाजपा और विहिप के ज्यादातर नेता खाली बैठे थे और उनके पास कहने सुनने को कुछ ख़ास नहीं हुआ करता था. अक्सर विहिप अध्यक्ष अशोक सिंघल जी के घर पर राम सेतु पर कांफ्रेंस हुआ करती थी जिसमें वो अकाट्य सबूतों के साथ बताया करते थे कि कैसे राम सेतु स्वयं श्रीराम जी ने अपने हाथों से बनाया था और इसका टूटना देश का टूटना है. वो इसके पक्ष में कुछ वैज्ञानिक सबूत भी दिया करते थे जिससे खबरों में दम आ जाता था. बड़े-बड़े बैनरों के स्वघोषित प्रबुद्ध पत्रकार इस बात पर काफ़ी चिंतित दिखाई देते कि देश को खतरा बढ़ता ही जा रहा है. कभी जोशी जी जैसे वरिष्ठ नेता किसी होटल में कांफ्रेंस बुला कर ये घोषणा किया करते कि वे मायावती की राज्य सरकार, संप्रग की केन्द्र सरकार, मार्क्सवादियों द्वारा दिए गए समर्थन, मुलायम के समाजवाद, लालू के परिवारवाद, महंगाई, बेरोज़गारी, गुंडागर्दी, नशेबाजी, ट्रेन डकैती, शिक्षा में ह्रास, कुसंस्कृति, लिंगभेद, आदि आदि सभी चीज़ों की निंदा करते हैं. पत्रकार चुपचाप उस निंदा में अपनी तरफ से दो चार चीज़ों की और निंदा करते हुए छाप देते और राज्य में कोई भी समस्या होती तो सामने वाले से कह देते, “और हरवाओ भाजपा के, अब तो फटबे करीगा.”

तो हम कुछ पत्रकार मुरली मनोहर जोशी के आवास पर पहुंचे और उन्होंने देश की सुरक्षा और राम सेतु, गंगा और भ्रष्टाचार पर कुछ रूटीन बातें कीं. हमने उन्हें अपनी डायरी में नोट किया, कुछ जलपान किया और चलने को उद्यत हुए. जोशी दरवाज़े पर खड़े थे. उमेश एक युवा नौजवान था जो हमेशा अच्छी ख़बरों की तलाश में रहता था. वह जोशी जी का अभिवादन करके बाहर निकल गया, मैंने भी नमस्कार किया और बाहर निकाल कर नचिकेता जी का इंतजार करने लगा. शुक्ला जी ने बाकायदा जोशी जी के पैर छुए और मुझे इस पर ज़्यादा आश्चर्य नहीं हुआ. लेकिन जब नचिकेता जी ने भी उनके पैर छुए तो मैं बाहर से खड़ा देख रहा था और इस दृश्य को हजम करने में मुझे लंबा समय लग गया. मैं एक आघात में था और ये ऐसा मुद्दा था जिस पर मैं उनसे बात भी नहीं कर सकता था. हमारा रिश्ता बड़ा पारंपरिक सा था और वहाँ ऐसे सवालों की गुंजाईश नहीं थी. वो मुझे चप्पल पहन कर बाईक चलाने पर डाँटते और कहते कि मुझे जूते पहनने चाहिए, मैं उन्हें यकीन दिलाता कि मैं कल से जूते पहन कर ही बाहर निकलूंगा. मैं एक ऐसी बात पर दुखी था जिसका उस टाइम फ्रेम में कोई ख़ास अर्थ निकलता नहीं था. मैंने सामान्य होने की कोशिश की और इस कोशिश में लंबे समय तक असामान्य रहा. विवेक मेरी परेशानी को जितना समझ पाया उस हिसाब से उसने मुझे भी समझाने की कोशिशें कीं, “अमें तुम कईसन कईसन बात पे आपन दिमाग खराब करत हो. हमका तुम्हार दिमागे नै ना समझ आवत. कभी हमका लगित है कि तुम समद्दार आदमी हो अउर कभी लगत है कि तुम एकदम्मै बकलंड हो.” मैंने कुछ समझाने की कोशिश की तो उसने लाउड होकर कहा कि मैं चूतिया हूँ और चाहता हूँ कि हर जगह मुझे हमेशा अच्छी लगने वाली चीज़ें ही दिखें. उसकी इस दलील ने मुझे एक साथ कई बातें समझाईं.
                                
मुखातिब की एक गोष्ठी में लालबहादुर वर्मा
और उनके साथ में बैठे सुरेन्द्र  राही और नीलम शंकर 
                                 
                                      14...    

मुखातिब ने मेरी रचनात्मक ज़िंदगी में इतना कुछ जोड़ा कि ना मैं इलाहाबाद का एहसान उतार सकता हूँ ना ही मुखातिब का. हम हर दूसरे रविवार गोष्ठियां करते और जब तक ये तय नहीं हुआ था कि वहाँ आने वाला हर सदस्य चायपान और फोटोकॉपी वगैरह के खर्चे के लिए हर महीने १५ रुपये मात्र दिया करेगा, मेरा उत्साह इतना ज़्यादा था कि मैं अपनी मोटरसाईकिल पर अपने खर्चे पर फोटोकापियाँ बाँटा करता था. मुखातिब के कुछ नियम बनाये गए थे जो और कहीं बनाये गए नियमों के खिलाफ थे. जैसे इसमें कोई अध्यक्ष नहीं होगा, संचालन हर हफ्ते बदल बदल के कोई भी करेगा, कोई मुंहदेखी वाह-वाह नहीं होगी, बेबाक ईमानदारी से अपनी बात रखी जायेगी, पहले से छपी प्रशंसित रचनाओं की जगह नयी रचना का पाठ और उस पर बात की जायेगी और नए से नए रचनाकार या श्रोता को अपनी बात रखने की आज़ादी दी जायेगी. वैसे तो रचनाकारों की नयी रचनाएँ सुनने का उत्साह बहुत रहा करता था लेकिन उससे कहीं ज़्यादा उत्साह बाद में उन दो लोगों को सुनने का रहने लगा जो साहित्य की किसी भी विधा पर इतने अधिकार और तार्किक रूप से बोलते थे कि गोष्ठी एक ऊंचाई पर पहुँच जाया करती थी. मुरलीधर जी और हिमांशु जी बिना किसी घोषणा के मुखातिब के सभी नियमों का कट्टरता से पालन करते थे और जिन रचनाओं पर मैं मुग्ध रहा करता था, अपनी बारी आने पर उनमें से कोई ना कोई अक्सर उसकी बखिया उधेड़ देता. मुझे याद है जब हमने नीलाभ जी को मुखातिब में अपनी कवितायेँ पढ़ने के लिए आमंत्रित किया था. उन्होंने अपनी दस कविताओं का पाठ किया जिनमें से कई कवितायेँ नई थीं. मैंने नीलाभ को पहले बहुत ज़्यादा नहीं पढ़ा था और मुझे उनकी कई कवितायेँ पसंद आई थीं. और श्रोताओं को भी कवितायेँ काफ़ी अच्छी लगी थीं ,लेकिन कई सकारात्मक प्रतिक्रियाओं के बाद जब हिमांशु जी का नंबर आया तो उनकी बात की शुरुआत कुछ यों थी, “मुझे नीलाभ की कविताओं ने कभी प्रभावित नहीं किया. उनकी कविताओं में एक चौकन्नापन है जो अक्सर उनकी सहजता पर हावी हो जाता है और कविताओं को परफेक्ट बनाने के चक्कर में जो अतिरिक्त श्रम किया जाता है, उसकी वजह से कवितायेँ अक्सर नापीतौली लगने लगती हैं,” हालाँकि इसके बाद हिमांशु जी ने उन दस कविताओं में से किन्हीं दो कविताओं की तारीफ भी की जिन्होंने उन्हें प्रभावित किया था. नीलाभ जी एकदम शांत थे जैसे किसी पुराने इलाहाबादी साहित्यकार को होना चाहिए. मुखातिब की साहित्यिक उपलब्धियों के अलावा मुझे कैलाश जी के रूप में एक और उपलब्धि हासिल हुई थी. वह मुझे पहले पढ़ चुके थे और मेरे प्रशंशक टाइप के थे. उनसे हमारी खूब बनने भी लगी थी ,क्योंकि हमारी गन्दी आदतें एक जैसी ही थीं. मैं भी नशे के प्रकारों को लेकर अधिक नखरा नहीं किया करता था और वो भी वक्त ज़रूरत देसी तक से काम चलने वाले आदमी थे. उनका कहना था कि उनकी शुरुआत देसी से ही हुई थी इसलिए वो उन्हें ज़्यादा अपनी लगती है. उनके बचपन की कहानी में काफ़ी संघर्ष था लेकिन इसके बावजूद उनका विकास कुछ इस तरह हुआ था कि बचपन की दुर्घटनाओं का ज़िंदगी पर बुरा असर पड़ने की बात बेमानी लगने लगती थी. हालाँकि उन्हें पूरा मैं काफ़ी बाद में समझ पाया. शुरू में तो यही लगता था कि वे इतने खुशमिजाज़ और हंसमुख आदमी हैं कि उनकी जान भी मांग ली जाए तो वे आसानी से दे देंगे और जान निकाले जाने से पहले जान मांगने वाले से कहेंगे, “इस बात पर एक पार्टी तो बनती है बंधु.”

उनके बचपन में हुए ज़मीन जायदाद के बंटवारे में उनके पिता के हिस्से काफ़ी कम संपत्ति आई थी और धोखे से उन्हें लगभग कंगाल बना दिया गया था . कैलाश जी हाई स्कूल पास करने के बाद इस घटना की वजह से एक ट्रक पर खलासी का काम करने लगे और लगभग दस सालों तक वह खलासी रहे. परिस्थितियां कुछ सही होने पर उन्होंने पत्राचार से इंटर पास किया और पत्राचार से ही बीए भी. हिंदी से एमए में उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय में बाकायदा प्रवेश ले लिया और कभी कभी समय निकाल कर कक्षाएं अटेंड करने भी गए लेकिन ज़िंदगी ने उतना वक्त नहीं दिया कि वे एक तरफ ध्यान दे पाते. लेकिन उन्हें साहित्य से प्यार हो गया था और किताबें उन्हें अपने जिंदा रहने का कारण देतीं. प्रेमचंद से लेकर शरतचंद और रेणु तक की कहानियां और मुक्तिबोध से लेकर धूमिल तक की कवितायेँ उन्हें जीने की वजह बतातीं. वे चाह कर भी परीक्षाओं से पहले परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर पाए और वह दिन भी आ गया जब अगले दिन से पेपर था. वे उस ट्रक पर रात में एक क्वार्टर लाकर पीते और सिलेबस उठा कर सुबह तक पूरा पढ़ भर डालते. एक पेपर पर एक क्वार्टर के हिसाब से उन्होंने अपने पेपर दे दिए और फिर से किताबों से हिम्मत पाते हुए ज़िंदगी को अपनी जिजीविषा से चिढ़ाने में लग गए. जिस दिन परिणाम आने वाले थे, उनके साथ परीक्षा दिए हुए किसी परिचित ने उन्हें बताया कि आज परिणाम आने वाले हैं और उन्हें विश्वविद्यालय जाकर अपना परिणाम देखना चाहिए. उन्हें पूरा विश्वास था कि वे अच्छे नंबरों से पास होंगे लेकिन जब उन्होंने वहाँ लगी सूची में अपना नाम देखा तो उनकी आंखें भर आयीं. उन्होंने पूरे विश्वविद्यालय में टॉप किया था और भविष्य में उन्हें सबसे अधिक अंक लाने के लिए स्वर्ण पदक दिए जाने की घोषणा की जानी थी. कैलाश जी आज भी इस बात पर सख्त अफ़सोस करते हैं कि जब उन्हें इलाहाबाद विश्वविद्यालय कि पहचान माने जाने वाले प्रोफ़ेसर सत्य प्रकाश मिश्रा ने अपने अंडर में पीएचडी करने के लिए कहा तो उन्होंने सिर्फ़ इसलिए एक मैडम के अंडर में शोध करना स्वीकार किया, क्योंकि उन्होंने उन्हें स्कूल में पढाया था और वे उन्हें पहले ही कह चुके थे कि वे उनके अंडर में ही शोध करेंगे. शोध पूरा होकर कैलाश मिश्रा से डॉक्टर कैलाश मिश्रा बन जाने के बावजूद कैलाश जी प्राइमरी से होते हुए अभी जल्दी ही इंटर कॉलेज तक पहुंचे हैं तो इसमें दोष हमारी उस व्यवस्था का सबसे ज़्यादा है जहाँ सरस्वती का उपक्रम करने के लिए बिना लक्ष्मी के पत्ता तक नहीं सरकता. कैलाश जी को किसी विश्वविद्यालय में होना चाहिए था लेकिन क्या मजाल कि इस बात पर उनकी सुई कभी दो मिनट से ज़्यादा रुके. खुश रहना उनका धर्म है और सकारात्मकता उनकी जाति, हालाँकि कभी-कभी ये सकारात्मकता इतनी ज़्यादा हो जाती है कि भागने को रास्ता नहीं मिलता.

कैलाश जी मेरे लोज पर दो तीन बार आ चुके थे और मेरे साथ बैठ कर एकाध घंटे बाद चले गए थे. तब तक मैंने उनके साथ सिर्फ़ एकाध बार ही पी थी और वो पीने के बाद बड़ी अच्छी-अच्छी बातें करते जो कभी-कभी शाकाहारी नहीं रह जातीं. हमारे बीच जो माहौल बनता उसमें पता नहीं चलता कि मेरी और कैलाश जी की उम्र में कोई अंतर भी है और वो भी दसेक सालों का.

एक दिन मैं और विवेक खाना खाकर कंप्यूटर पर कोई फिल्म देख रहे थे कि अचानक दरवाज़ा खटखटाया गया. रात के एक बजे थे और हम हैरान थे कि इस वक्त बिना इत्तला किये कौन आ धमका. मैंने दरवाज़ा खोला तो सामने कैलाश जी थे. उन्होंने तुरंत मुझे एक ओर धकेला और आकार चौकी पर निढाल गिर गए. मैं कुछ पूछूं, इससे पहले अपनी रेडियो वाली भाषा और बेदाग उच्चारण में बोलने लगे.

“इस लाइन में सारे शटर साले एक जैसे ही हैं, मैं कितनी देर से इस लाइन में घूम रहा हूँ और आपके लोज का शटर ढूँढने की कोशिश कर रहा हूँ.” मैंने कहा कि उन्हें मुझे फोन कर लेना चाहिए था. उनका कहना था कि वह घर से अचानक ऐसे ही टहलने निकले थे, मोबाइल और मोटरसाइकिल के बिना कि चौराहे पर एक दोस्त मिल गया.

“हम दोनों ने साथ में बैठ के एक बार में पिया फिर वो अपने घर चला गया. मैं बहुत देर तक एक पार्क में बैठा गुलज़ार के गाने सुनता रहा. जब सुनते सुनते ऊपर तक कुछ भरा आया तो जाकर थोड़ी शराब और पी. इसके बाद मेरा आपसे मिलने का बहुत मन होने लगा. देखिये आपको खोजते-खोजते मेरे पैरों में छाले पड़ गए.”

उन्होंने वाकई एक अबोध प्रेमिका की तरह अपने पांव उठा कर मुझे दिखाए तो विवेक से रहा नहीं गया, “आपौ गजब आदमी हैं, राती के घरे जाए के चाही तो....भाभी क्या सोच रही होंगी ?”

“मैं उन्हें बता दूँगा कि मैं विमल जी से मिलने गया था तो वो कुछ नहीं कहेंगी.” उन्होंने विश्वास से कहा. मैं उनके विश्वास को देख कर खुश हुआ वरना असलियत मैं जानता था. मैं जानता हूँ कि मेरे नए पुराने सभी दोस्त मुझे बहुत मानते हैं लेकिन इसका गलत उपयोग इतना हुआ है कि ये बुरी तरह से मेरे खिलाफ चला गया है. मैं जब भी बनारस जाता हूँ, मेरे जिन दोस्तों की शादियाँ हो गयी हैं, उनकी बीवियां घबरा जाती हैं. कभी राजेंद्र यादव का कोई संस्मरण पढ़ा था, और अब लगता है कि उनकी जो उस समय हालत थी वैसी ही आज मेरी भी हो गयी है. बनारस में कोई भी दोस्त जैसे सुनील, अनुज या संजय ही जब मेरे साथ रहे और देर हो जाए तो सफाई देने की गरज से पहले ही बीवी को फोन करके कह देता है, “अरे वो विमल आया है ना तो थोड़ी देर हो जायेगी,”. 

काफ़ी समय बाद दोस्त मिलते हैं तो कुछ पीना पिलाना होगा ही. तो संजय जैसे एक पैग वाले दोस्त भी पहले ही पत्नी को सूचित कर अपनी वफादारी का परिचय देते हैं. अगर रात को घर पहुँचने में देर हो गयी तो अनुज अपने घर पर अपनी बीवी को सफाई देता है, “अरे विमलवा रोक लिया था, साला आने ही नहीं दिया.” या सुनील मुँह महकने की सफाई इस तरह देता है, “अरे मेरा मन तो कतई नहीं था. विमल कहने लगा तो बस एक पैग ले लिए.”

कुल मिलाकर माहौल कुछ ऐसा हो गया है कि मैं मुंबई में भी रहूँ और किसी दोस्त को बाहर देर हो जाए तो कई बार उनकी पत्नियों के मैसेज मुझे सीधे आ जाते हैं, “आप बनारस आ गए हैं क्या?” मैं समझ जाता हूँ. अब तो मेरे दोस्तों ने मेरा लिहाज करना भी छोड़ दिया है और वे कहीं से भी गला तर कर के आते हैं तो निस्संकोच मेरा नाम लगा देते हैं. मेरे कंधे पर बन्दूक चलाने और पत्नी के साथ मिल कर मुझे चार गालियाँ देने के बाद वो रात को सोते समय मुझे मैसेज भी कर देते हैं, “यार आज एक दोस्त के साथ दारू पी लिए. तुम्हारी भाभी पूछी तो कह दिए कि तुम पिलाये हो. अगर बाई चांस फोन करे तो कह देना कि एक हफ्ते के लिए बनारस आये हो. गुड नाईट, स्वीट ड्रीम्स.”

                                                  क्रमशः  .........

                                                                                                   प्रत्येक रविवार को नयी किश्त 

संपर्क - 

विमल चन्द्र पाण्डेय 
प्लाट न. 130 - 131 
मिसिरपुरा , लहरतारा 
वाराणसी , उ.प्र. 221002

फोन न. - 09820813904
         09451887246


फिल्मो में विशेष रूचि