शुक्रवार, 25 मई 2012

अलविदा भगवत रावत


                                                                        भगवत रावत 


आज भगवत रावत नहीं रहे | असाध्य और गंभीर बीमारी से किया गया जीवन का उनका संघर्ष आज ख़त्म हो गया | और इसी के साथ ख़त्म हो गयी वह आवाज , जो हर किसी  के लिए सुलभ थी और जो किसी को भी अजनबी नहीं समझती थी | आज जब कवि-मित्र केशव तिवारी ने भरे गले से मुझे यह दुखद सूचना दी कि 'भगवत दादा नहीं रहे " , तो यह जानते हुए भी कि वे एक लम्बे समय से बीमार चल रहे थे , मन सन्न रह गया | इस सूचना के कुछ ही समय बाद मैंने वरिष्ठ कवि श्री केदार नाथ सिंह जी को फोन मिलाया , जो इस समय बलिया में ही है , तो उनका कहना था कि 'इतनी गंभीर बीमारी को इतने लम्बे समय तक झेलते हुए रचनारत रहना सिर्फ भगवत जी के ही बस की बात थी | उन्हें एक सशक्त कवि के साथ साथ एक बेहतरीन इंसान होने के लिए भी याद किया जाएगा |" 

                           तो प्रस्तुत है 'भगवत दादा' की स्मृति में सिताब दियारा पर उनकी तीन कवितायेँ 







1...             इतनी बड़ी मृत्यु



आजकल हर कोई, कहीं न कहीं जाने लगा है
हर एक को पकड़ना है चुपके से कोई ट्रेन
किसी को न हो कानों कान ख़बर
इस तरह पहुँचना है वहीं उड़कर

अकेले ही अकेले होता है अख़बार की ख़बर में
कि सूची में पहुँचना है, नीचे से सबसे ऊपर
किसी मैदान में घुड़दौड़ का होना है
पहला और आख़िरी सवार

इतनी अजीब घड़ी हैं
हर एक को कहीं न कहीं जाने की हड़बड़ी है
कोई कहीं से आ नहीं रहा
रोते हुए बच्चे तक के लिए रुक कर
कहीं कोई कुछ गा नहीं रहा

यह केवल एक दृश्य भर नहीं है
बुझकर, फेंका गया ऐसा जाल है
जिसमें हर एक दूसरे पर सवार
एक दूसरे का शिकार है
काट दिए गए हैं सबके पाँव
स्मृति भर में बचे हैं जैसे अपने घर
अपने गाँव,
ऐसी भागमभाग
कि इतनी तेज़ी से भागती दिखाई दी नहीं कभी उम्र
उम्र के आगे-आगे सब कुछ पीछे छूटते जाने का
भय भाग रहा है

जिनके साथ-साथ जीना-मरना था
हँस बोलकर जिनके साथ सार्थक होना था
उनसे मिलना मुहाल
संसार का ऐसा हाल तो पहले कभी नहीं हुआ
कि कोई किसी को
हाल चाल तक बतलाता नहीं

जिसे देखो वही मन ही मन कुछ बड़बड़ा रहा है
जिसे देखो वही
बेशर्मी से अपना झंडा फहराए जा रहा है
चेहरों पर जीवन की हँसी कही दिख नहीं रहीं
इतनी बड़ी मृत्यु
कोई रोता दिख नहीं रहा
कोई किसी को बतला नहीं पा रहा
आखिर
वह कहाँ जा रहा है।





2...                      वे इस पृथ्वी पर 

कहीं न कहीं कुछ न कुछ लोग हैं ज़रूर
जो इस पृथ्वी को अपनी पीठ पर
कच्छपों की तरह धारण किए हुए हैं
बचाए हुए हैं उसे
अपने ही नरक में डूबने से
वे लोग हैं और बेहद नामालूम घरों में रहते हैं
इतने नामालूम कि कोई उनका पता
ठीक-ठीक बता नहीं सकता

उनके अपने नाम हैं लेकिन वे
इतने साधारण और इतने आमफहम हैं
कि किसी को उनके नाम
सही-सही याद नहीं रहते

उनके अपने चेहरे हैं लेकिन वे
एक दूसरे में इतने घुले-मिले रहते हैं
कि कोई उन्हें देखते ही पहचान नहीं पाता

वे हैं, और इसी पृथ्वी पर हैं
और यह पृथ्वी उन्हीं की पीठ पर टिकी हुई है
और सबसे मज़ेदार बात तो यह है कि उन्हें
रत्ती भर यह अंदेशा नहीं
कि उन्हीं की पीठ पर
टिकी हुई यह पुथ्वी।

3...                         करुणा

सूरज के ताप में कहीं कोई कमी नहीं
न चन्द्रमा की ठंडक में
लेकिन हवा और पानी में ज़रूर कुछ ऐसा हुआ है
कि दुनिया में
करुणा की कमी पड़ गई है।

इतनी कम पड़ गई है करुणा कि बर्फ़ पिघल नहीं रही
नदियाँ बह नहीं रहीं, झरने झर नहीं रहे
चिड़ियाँ गा नहीं रहीं, गायें रँभा नहीं रहीं।

कहीं पानी का कोई ऐसा पारदर्शी टुकड़ा नहीं
कि आदमी उसमें अपना चेहरा देख सके
और उसमें तैरते बादल के टुकड़े से उसे धो-पोंछ सके।

दरअसल पानी से होकर देखो
तभी दुनिया पानीदार रहती है
उसमें पानी के गुण समा जाते हैं
वरना कोरी आँखों से कौन कितना देख पाता है।

पता नहीं
आने वाले लोगों को दुनिया कैसी चाहिए
कैसी हवा कैसा पानी चाहिए
पर इतना तो तय है
कि इस समय दुनिया को
ढेर सारी करुणा चाहिए।


                                    कविता के साथ जीवन में भी संघर्षों को जीने वाले  इस महान योद्धा को       
                                           "सिताब दियारा ब्लाग "की विनम्र श्रद्धांजलि                              
                                                                                       

बुधवार, 23 मई 2012

जरूरत है वैकल्पिक प्रकाशन संजाल की


              
                              अजय कुमार पाण्डेय 



लेखक और प्रकाशन संस्थानों के मध्य उपजे हालिया तनाव ने हिंदी साहित्यिक जगत में एक बड़ी बहस पैदा की है | 'इन रिश्तों को कैसा होना चाहिए' से लेकर 'आज ये कहाँ पर पहुँच गए हैं ' जैसे सवालों की पड़ताल करने में हमारे सामने कई असुविधाजनक तथ्य रास्ता रोककर खड़े हो जाते हैं | जहाँ एक तरफ संस्थानों की प्राथमिकताएं बदलती चली गयी हैं , वहीँ दूसरी ओर लेखकीय नैतिकताएं भी तिरोहित होती चली गयी हैं | ऐसे में व्यक्तिगत टीका - टिप्पड़ियों से बचते हुए कवि-समीक्षक अजय कुमार पाण्डेय ने अपने इस लेख में जहाँ कुछ असुविधाजनक सवाल उठायें हैं , वहीँ इन सवालों के उत्तर तलाशने की भी कोशिश की है |

         तो प्रस्तुत है 'सिताब दियारा' ब्लाग पर 'अजय कुमार पाण्डेय' का लेख 

             जरूरत है वैकल्पिक प्रकाशन संजाल की



 हिंदी भाषी समाज काफी बड़ा है , और इसमें रचा जाने वाला साहित्य भी दुनिया के श्रेष्ठ साहित्य की बराबरी करने में समर्थ है | लेकिन हिंदी में साहित्यकार की वह स्थिति नहीं है , जो अन्य भाषा में  साहित्यकारों की है | मसलन , वह उस समय अपने को सबसे कमजोर और बेचारा महसूस करता है , जब अपने संकलन के छपने या किताब को मूर्त रूप देने के बारे में सोचता है | जैसे ही वह अपनी पाण्डुलिपि लेकर किसी प्रकाशक के पास जाता है , वह अपने आपको असहाय पाने लगता है , और प्रकाशक की कृपादृष्टि का आकांक्षी हो जाता है |

दरअसल हिंदी में पुस्तकें प्रकाशित करना एक बड़ी समस्या बन गयी है | अब यह हर किसी के बस की बात नहीं | प्रकाशन क्षेत्र में यूं तो कई संस्थान सक्रिय हैं , लेकिन इस पर कुछ एक प्रकाशकों का ही वर्चस्व दिखाई देता है | इसमें सबसे दुखद बात यह है कि अब इन प्रकाशकों के भीतर साहित्यिक सरोकार नहीं बचा है, और इनका एक मात्र ध्येय मुनाफा कमाना ही रह गया है | इनकी रूचि भी कुछ खास लोगो की किताबों को ही छापने में सिमट गयी है | उदाहरणार्थ,  जो किसी किताब खरीदने वाली समिति में हो , या किसी अन्य श्रोत के जरिये इन प्रकाशकों की किताब को थोक बिक्री कराने में समर्थ हो , इत्यादि | इसीलिए यह अनायास नहीं है , कि इन बड़े प्रकाशकों की दिलचस्पी कम कीमत की पेपर बैक्स पुस्तके छापने में नहीं , बल्कि मोटी जिल्द वाली किताबें छापने पर केंद्रित होती चली गयी है |

कभी-कभी विशेष कद काठी के लोगों की सिफारिश पर कुछ अन्य लोगों की किताबे भी ये प्रकाशक छापते हैं , और इनमें से कुछ लोगों को थोड़ी बहुत रायल्टी भी देते हैं | लेकिन यह सब नाम मात्र और दिखावे के लिए होता है | दूसरी तरफ उक्त विशेष कद काठी के लोग जब तब ऐसे बयान देते रहते हैं कि प्रकाशकों और लेखकों के बीच रायल्टी को लेकर एक खास तरह का तनाव होना स्वाभाविक है | इस तरह के बयान का उद्देश्य प्रकाशकों द्वारा लेखकों के शोषण पर पर्दा डालने की कोशिश होती है | इन बयानों से ऐसा ध्वनित होता है , कि प्रकाशक तो लेखकों को रायल्टी दे ही रहे हैं , जबकि लेखकों की और अधिक पाने की आकांक्षा के चलते यह तनाव उत्पन्न हुआ है | जबकि सच्चाई यह है कि दस प्रतिशत से कम लेखक ही रायल्टी पाते हैं , और बाकी तो अपनी किताब का छप जाना ही सौभाग्य समझते हैं |

वास्तव में हिंदी समाज की लेखक आत्म मुग्ध और आत्मतुष्ट होता चला गया है और वह एक खास तरह की मनःस्थिति में जीता रहता है , जिसके चलते प्रकाशन जगत की सच्चाई सामने आने से रह जाती है | एक अन्य स्थिति यह भी है , कि पहले की अपेक्षा आज के हिंदी लेखकों की अच्छी खासी संख्या नौकरीशुदा और अच्छे पदों पर कार्यरत लोगों की है | आर्थिक रूप से संपन्न इन लेखकों को मोटा वेतन मिलता है , जिससे कुल मिलाकर लेखन कार्य पर उनकी आर्थिक निर्भरता नहीं रह जाती है | यही कारण है, कि वे बिना किसी चीज की परवाह किये अपनी महत्वाकांक्षा के वशीभूत होकर, अपनी किताबे प्रकाशकों की शर्तों पर छपवाते हैं | उनके साथ समझौता करते हैं | इस तरह के लोगों में वरिष्ठ और नयी पीढ़ी दोनों प्रकार के लेखक भी शामिल हैं , जिनकी अच्छी खासी साहित्यिक हैसियत और पहचान है | इसी महत्वाकांक्षा और अनैतिक समझौते के चलते इन प्रकाशकों को एक तरफ अच्छी साहित्यिक कृतियाँ प्रकाशित करने का अवसर भी मिल जाता है , और उन प्रकाशकों की साहित्यिक प्रतिष्ठा भी बच जाती है | वह भी बिना किसी रायल्टी के ही |

इस तरह हिंदी कारोबारी प्रकाशकों की एक बड़ी जमात पैदा हो गयी है ,जो किताबे छापकर लेखकों को उपकृत करती रहती है | स्थिति तो यहाँ तक चली आई है , कि जिन लेखकों के पास यह क्षमता नहीं होती कि वे पुस्तकों की थोक सरकारी खरीद करवा सकें , या जिन्हें किसी खास व्यक्ति द्वारा नामित नहीं किया गया होता है , उन्हें अपनी किताब को छपवाने के लिए प्रकाशकों को पन्द्रह से बीस हजार रुपये तक देने पड़ते हैं या अपनी ही किताब की कुछ सौ प्रतियाँ खरीदनी पड़ती है , जिससे प्रकाशन की छपाई का खर्चा आ जाए | बाकि प्रतियों से मिलने वाली धनराशि पुरी की पुरी प्रकाशक की हो जाती है | ऐसे लेखकों ने उन रचनाकारों के समक्ष संकट खड़ा कर दिया है , जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं या प्रतिबद्ध होकर रचनारत है | सच्चाई यह है कि आज पुस्तक का प्रकाशन लेखक के आर्थिक सामर्थ्य और सिफारिश तथा प्रकाशक की मर्जी पर निर्भर होकर रह गया है |

सच तो यह है कि किसी प्रकाशक की प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष शर्तों के अधीन किताबे छपवाना एक लेखक के लेखकीय कर्म और दायित्वों की असफलता और पराजय है | रायल्टी किसी लेखक की आर्थिक आवश्यकता नहीं , बल्कि उसका अधिकार , जो यह हार हाल में उसे मिलनी ही चाहिए | विडम्बना यह है कि एक लेखक , जो आमतौर पर साम्राज्यवाद और बाजारवाद का विरोधी तथा दूसरे के अधिकारों के प्रति संवेदनशील होता है , प्रकाशकों द्वारा अपने दोहरे शोषण पर चुप्पी साध जाता है | वह क्रांतिकारी मंसूबा बाँधे पुरी दुनिया से साम्राज्यवाद का खात्मा कर देने को तो तैयार दीखता है , लेकिन प्रकाशकों के इस छोटे से साम्राज्य के सामने आसानी से समर्पण कर जाता है | इस लिहाज से लेखन और लेखक के व्यक्तिगत जीवन में एक बड़ा विरोधाभास दिखाई देता है , जबकि एक लेखक से उसके लेखन को जीने की उम्मीद की जाती है |

ऐसे में उपाय भी इसी दुनिया से प्रेरणा लेकर ही निकल सकता है | लेखन एक वैकल्पिक दुनिया को रचने की कोशिश है | तो इसी आधार पर प्रकाशकों की नाजायज शर्तों की जगह पुस्तक छापने के लिए एक वैकल्पिक व्यवस्था के बारे में क्यों नहीं सोचा जा सकता है ..? बिना रायल्टी के और ऊपर से पैसे देकर पुस्तक छपवाने से तो बेहतर है , कि सहकारिता के आधार पर प्रकाशन की कोशिश की जाए | लेखकों के बीच एक अंतरजाल तैयार किया जाए | इस तरह से प्रकाशकों के निरंकुश साम्राज्य के समानांतर एक गरिमापूर्ण व्यवस्था का निर्माण किया जा सकता है , और प्रतिबद्ध लेखन को प्रोत्साहित भी किया जा सकता है | यह आज का ऐसा ज्वलंत व प्रासंगिक सवाल है , जिस पर व्यापक बहस की गुंजाईश बनती है |

                                                                                                         अजय कुमार पाण्डेय
संपर्क ...
अजय कुमार पाण्डेय 
एडवोकेट, दीवानी कचहरी 
बलिया , उ.प्र. 277001 
मो. न. - 07398159483  

देश की सभी महत्वपूर्ण पत्रिकाओं में कवितायेँ और लेख प्रकाशित                                                   

रविवार, 20 मई 2012

विमल चन्द्र पाण्डेय का संस्मरण ..तीसरी किश्त



                              विमल चन्द्र पाण्डेय 



पिछली किश्त में आपने पढ़ा कि दिल्ली गए विमल को एक समाचार एजेंसी में नौकरी तो मिल जाती है , लेकिन परिस्थितियां उन्हें इलाहाबाद में ला पटकती हैं | इस बीच उनकी कहानी 'नया ज्ञानोदय' के विशेषांक में छपती है,जो काफी चर्चित हो जाती है | किसी भी नवलेखक की तरह विमल उसमे डूबते उतराने लगते हैं. कि तभी उनका सामना इलाहाबादी तेवर वाले एक मित्र से होती है , जो चुटकियों में उन्हें जमीन पर ला पटकता है | लेकिन यही तेवर विमल के लिए वरदान साबित होता है | ...और फिर आगे  ...?

                    
                      प्रस्तुत है विमल चन्द्र पाण्डेय के संस्मरण 
             शहरों से प्यार वाया इलाहाबाद-मेरी जिंदगी के सबसे उपजाऊ साल 
                                की तीसरी किश्त 

                                     3...


मुझे इलाहाबाद पहुंच कर यूएनआई में दो अप्रैल से ड्यूटी ज्वाइन करनी थी। दिल्ली से मैं बोरिया बिस्तर समेट कर पहले अपने घर यानि बनारस पहुंचा था। दिल्ली से बहुत जल्दी-जल्दी निकलना था और इस जल्दबाज़ी में मैं अपनी सारी किताबें नहीं ला पाया था। मैंने दो कार्टन्स में अपनी ढेर सारी किताबें और साहित्यिक पत्रिकाएं रख दीं और उसे पांडव नगर के बी-32 में (जहां मेरी कहानी `एक शून्य शाश्वत´ का शाश्वत रहता था और वास्तव में वह शशि शेखर (चौथी दुनिया वाया इंडिया न्यूज और ईटीवी) और आनंद पाण्डेय (आईबीएन 7 वाया ईटीवी) का डेरा था) रख दी। विभव ने भी तब तक अलग फ्लैट नहीं लिया था और मेरी किताबों की देखभाल करने के लिये सबसे विश्वसनीय शख्स था। मैंने कहा कि मैं अगली बार जब दिल्ली आउंगा तो अपनी किताबें ले जाउंगा। खैर, थोड़ी लापरवाही मेरी भी हो गयी कि मैं उसके बाद कई बार दिल्ली गया और वहां से कार्टन को बिना लिये आ गया। इसके पीछे वजह यह थी कि मन ही मन मैं जल्दी ही मुंबई निकलने की योजना बना रहा था और चाहता था कि किताबें दिल्ली से सीधा मुंबई ले जाउंगा इसलिये उन्हें एक बार बनारस और फिर वहां से मुंबई ले जाने की जद्दोजहद मुझे बेकार लगी। ताज़ा ख़बर ये है कि वे दोनों कार्टन अपनी जगह पर मौजूद नहीं हैं और मुझे बार-बार पूछने पर बताया गया है कि आदरणीय शशि शेखर गरीबी के दिनों में कभी वे किताबें बेचकर अपने पौवे का इंतज़ाम कर चुके हैं। हालांकि शशि जी ने इस आरोप का पुरज़ोर खंडन किया है लेकिन किताबों की बाबत वे भी अनभिज्ञता व्यक्त करते हैं।


बहरहाल, 2 अप्रैल को ज्वाइन करने से पहले मैंने बनारस से ही 1 अप्रैल को इलाहाबाद में यूएनआई के कांटैक्ट परसन श्री जियालाल को फोन किया और बताया कि मैं कल से आपके साथ ऑफिस ज्वाइन करने आ रहा हूं। उन्होंने मेरी बात को इस भाव से सुना गोया मैं फ्रेंच में बोल रहा हूं और उन्हें ये भाषा कतई नहीं पसंद। मैं समझ नहीं पाया कि मामला क्या है और निश्चिन्त होकर अपने कॉलेज के दिनों का एक गाना सोचते हुये सो गया।
``जब नौकरी मिलेगी तो क्या होगा
जिसम पे सूट होगा, पांव में बूट होगा
 हाथों में गोरी का हाथ होगा।´´
दसियों नौकरियां करने छोड़ने के बाद आखिरकार ये ऐसी नौकरी थी जिसमें पढ़ना लिखना था और भागदौड़ बहुत कम थी।


जब मैं 2 अप्रैल को सिविल लाइंस बस अड्डे पर बस से उतरा तो मैंने पहले सैलून में जाकर दाढ़ी बनवायी। यह वही शहर था जिसमें मैं कई बार कई प्रतियोगिता परीक्षाएं देने के बहाने से घूमने आ चुका था, जहां मेरे चाचा का घर था और जहां सिर्फ तीन महीने पहले मैं अपनी चचेरी बहन की शादी में गया था। लेकिन आज इस शहर में मैं एक राष्ट्रीय एजेंसी के पत्रकार की हैसियत से जा रहा था। मेरी कल्पना में एक ऑफिस आया जिसमें मुझे एक छोटा सा केबिन मिले और सहयोगी स्टाफ हों। चूंकि मैं एक कल्पनाशील लेखक हूं इसलिये मैं ये मान कर चल रहा था कि मेरे सहकर्मियों में ज़रूर कोई सुंदर लड़की भी होगी जिसे कहानियां कविताएं और फिल्मों वग़ैरह में रुचि होगी। कल्पनाएं ढेर सारी थीं और समय बहुत आशावादी थी। मौसम में गर्मी थी और सिविल लाइंस के गिरजाघर से थोड़ा आगे मैंने रिक्शा रुकवाया तो सामने एक बड़ा सा बोर्ड था जिस पर लिखा था `यूनाइटेड न्यूज़ ऑफ इंडिया´। मेरी धड़कनें बढ़ गयीं। थोड़ी दूरी पर अमर उजाला का बड़ा सा बोर्ड टंगा था और वहां लाइन से चाय की दुकानें थीं। आगे जाकर जहां से नज़र वापस लौट आती थी, वहां ढेर सारे लोग काले कोट में खड़े चाय पी रहे थे। मैंने अपने कदम अपनी मंज़िल की ओर बढ़ा दिये।


लेकिन वहां एक दूसरा आश्चर्य मेरा इंतज़ार कर रहा था। कांटैक्ट परसन श्री जियालाल जी ने कहा कि उन्हें ऐसी कोई सूचना नहीं मिली कि यहां कोई पत्रकार ज्वाइन करने आ रहा है। मैंने उन्हें कल बनारस से किये फोन की याद दिलायी तो उनका मासूम सा जवाब था कि उन्हें लगा कि कोई उन्हें `अप्रैल फूल´ बना रहा है। वे तीन कमरों के एक फ्लैट में अपने छोटे मगर दुखी परिवार के साथ रह रहे थे और मुझे पता चला कि यही यूएनआई/यूनीवार्ता का दफ्तर है और एकमात्र वही वहां के स्टाफ। उन्होंने मुझे ज्वाइन कराने से इंकार कर दिया और दिल्ली फोन मिला कर प्रबंधन से बातें करने लगे। मैं भी फिक्र को धुंएं में उड़ाने के लिये बाहर चला आया और बाहर आकर मां को फोन करके स्थिति बतायी। वह दुखी हो गयीं और मेरा पुराना इतिहास बताने लगीं कि मेरा कोई भी काम आसानी से नहीं होता और हर काम कगार पर आकर रुक जाता है, अब वक्त आ गया है कि जिस रुद्राभिषेक और महामृत्युंजय जाप को मैं कई सालों से टालता आ रहा हूं उसे करा लूं। मुझे मेरी गलती का एहसास हुआ और मैंने फोन काट दिया। फिर मैंने आनंद को फोन लगा कर पूरी बात बतायी तो उसने कहा कि मैं वहां से बिना ज्वाइन किये न हटूं और वह आदमी अगर ज्वाइन न कराये तो उसे यह लिखवा कर ले लूं। लिखवा कर लेने वाली सलाह ने मेरे कदमों में फुर्ती भर दी और मैं वापस उनके घर यानि अपने ऑफिस पहुंचा। मुझे कुछ कहने की जरूरत नहीं हुयी। उन्हें दिल्ली से वांछित आदेश मिल चुके थे। उन्होंने कहा कि मैं कल से आ जाउं और यहीं यानि उनके फ्लैट के बाहरी कमरे जो ड्राइंगरुम होने के साथ-साथ यूएनआई का दफ्तर भी था, बैठकर उनसे पत्रकारिता के गुर सीखूं। मैंने ठंडी सांस ली और कल आने के लिये कह कर अपनी अटैची उठायी और चाचा के घर की तरफ यानि सुलेम सराय के लिये चल पड़ा।


                                      4....                                                




चाचा के घर में मेरा बहुत स्वागत हुआ और मैं भी अपने चचेरे भाई बहनों से मिल कर काफी खुश हुआ। खास तौर पर मेरे छोटे भाई बेटू यानि प्रशांत से मेरी अच्छी बनने लगी थी लेकिन घर से निकलने का अर्थ मैं आज़ादी मानता था और एक घर से निकल कर फिर से दूसरे घर में रह कर अपनी आज़ादी को दांव पर लगाने के पक्ष में नहीं था। दिल्ली में इतने सालों तक रहकर अकेले रहने की आदत पड़ गयी थी और रवैया बदल चुका था। जैसे दिल्ली के शुरुआती दिनों में जब कभी छोटी मोटी चोट लग जाती थी तो ये सोच कर मन रो उठता था कि कोई पूछने वाला नहीं है कि क्या हुआ कैसे हुआ और बाद के सालों में ऐसा होने पर ये संतोष होता था कि कोई हल्ला मचाने वाला नहीं है कि ये लगाओ वो लगाओ। दूसरी खटकने वाली बात थी कि चाचा जी के घर में वह घर के मुखिया थे और इस बात को खासा सीरियसली लेते थे। मेरे घर में मेरे पिताजी ठीकठाक लोकतांत्रिक आदमी हैं और अख़बार आने पर उनसे कोई भी संपादकीय पृष्ठ मांग सकता था जब वह मुखपृष्ठ पढ़ रहे हों। चाचाजी के कब्ज़े से अखबार तब तक नहीं पाया जा सकता था जब तक वह पूरा पढ़ न चुके हों। खैर मैंने चाची से कहा कि मैं अलग कमरा लेना चाहता हूं तो वह दुखी हुयीं। उनका कहना अपनी जगह दुरुस्त था कि जब इसी शहर में अपना घर है तो फिर कमरा लेने की क्या जरूरत है। मैंने बहाना बनाया कि मेरा काम कुछ ऐसा है कि मेरे कमरे पर हमेशा लोगों का जमावड़ा रहेगा और इसलिये मैं अलग कमरा चाहता हूं। चाची से बहाना बनाते हुये मुझे नहीं मालूम था कि इलाहाबाद जल्दी ही मुझे ऐसे दोस्तों से नवाज़ने वाला है कि मेरी ये बात एकदम सच साबित होगी। बेटू मेरे साथ कमरे के लिये बहुत दौड़ा और उसने एक कमरा दिलवाया भी जो लड़कों के लॉज में था और वहां प्रतियोगी परीक्षाओं का माहौल था। गर्मी के मौसम में कमरे के टॉप फ्लोर पर होने से ज्यादा दबाव वहां के प्रतियोगी परीक्षाओं के माहौल का था जिससे एडवांस देने के बावजूद मैंने वहां कदम रखने की हिम्मत नहीं की। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले बिल्कुल युवा और युवतर लोग जो विषय से प्यार करने की बजाय उससे लड़ते रहते हैं, मेरे मन में कई कारणों से डर पैदा करते हैं।


इलाहाबाद में जितने अखबार मैंने पढ़े थे या उनके बारे में जानता था उससे कई गुना अखबार वहां से छपा करते थे (यह बात लगभग हर छोटे शहर पर लागू होती है), ये बात मुझे वहां के प्रेस कॉन्फ्रेंसेज में पता चलती थी। ज्यादातर प्रेस कांफ्रेस जेड गर्दन रेस्टोरेंट, मिलन होटल, कान्हा श्याम होटल, येल चिको रेस्टोरेंट और प्रेस क्लब आदि जगहों पर हुआ करती थी। विधानसभा चुनावों के दिन थे और हर रोज़ दो तीन बड़ी प्रेस कांफ्रेंस या जनसभाएं हुआ करती थीं। मेरा शेड्यूल बड़ा अजीब सा था। दो-तीन दिन जियालाल जी के कमरे से खबरें भेजने के बाद मुझे उनके घर, जिसे वह बड़े गर्व से ऑफिस कहते थे, जाकर उस कंप्यूटर से खबरें भेजने में मुझे बड़ा संकोच सा होने लगा जिसे उन्होंने पता नहीं किस सभ्यता से बचा कर रखा था। उसमें कृतिदेव जैसा ही न जाने कौन सा फांट था कि डी दबाने से तो क ही आता था लेकिन फ के लिये  शिफ्ट के साथ क्यू नहीं दबाना होता था बल्कि तीन चार बटन एक के बाद एक दबाने पड़ते थे। मैं उस कंप्यूटर के चक्कर में खुद का सीखा हुआ फांट न भूल जाउं और हर रोज़ मेहमान की तरह उनके घर जाकर खबर भेजने से पहले उनकी चाय नमकीन का दुश्मन न बनूं, इसके लिये निर्णय लिया कि मैं साइबर कैफे से खबरें भेजा करुंगा। हालांकि उनका कहना था कि मैं उनके साथ भेजूं तो मेरी ग्रामर और न्यूज राइटिंग उनके मार्गदर्शन में अच्छी होगी। मुझे उनकी बात पर शक होता क्योंकि हिंदी में खबरें भेजते हुये वह टाइप करते, ``आज इलाहबाद हाई कोट ने....´´ मैं कहता, ``सर इलाहाबाद की जगह इलहबाद और कोर्ट की जगह कोट हो गया´´ तो वह मुस्करा कर कहते, ``अरे कुछ लखनउ वालों को भी करने दो।´´ यह कहते हुये उनके चेहरे पर बदला लेने की संतुष्टि आ जाती और वह कुर्सी की पुश्त पर पीठ टिकाकर लंबी सांस लेते। मुझे खुद से ही गलतियां करके सीखने का विकल्प ज्यादा अच्छा लगा। अब हर देर शाम या रात मैं जियालाल जी को फोन करता और पूछता, ``कैसे हैं सर ?´´
``ठीक हूं। क्या चल रहा है ?´´
``ठीक हूं सर। कल का क्या है ?´´
``कल जेड गार्डन में सुबह ग्यारह बजे प्रेस कांफ्रेंस है मुख्तार अब्बास नकवी की और तीन बजे सभा है मुलायम सिंह यादव की।´´
``ठीक है सर। मैं प्रेस कांफ्रेंस अटेण्ड कर लूं ?´´
``नहीं वो मैं कर लूंगा। तुम जनसभा देख लेना मुलायम की।´´
``ओके सर। मैं देख कर भेज दूंगा इंगलिश में।´´
``अब तुम्हीं जाओगे तो हिंदी में भी भेज ही देना।´´
``अम्मम ठीक है सर।´´


अब जनसभा हो और मुलायम, मायावती या सोनियां गांधी जैसे बड़े चेहरों की हो तो फिर आपका पूरा दिन खराब होना स्वाभाविक है। तीन बजे की जनसभा में लोग बारह बजे से ही इकट्ठा होना शुरू हो जाते। दूर के गांवों से ट्रकों में एक टाइम के खाने पानी के एवज में भर कर लाये गये लोगों का काफिला आकर दो बजे तक के पी ग्राउंड के आधे हिस्से को भर देता। फिर तीन बजते, चार बजते और इसके बाद पांच बजते। स्थानीय नेताओं को अपने हथियारों को धार लगाने के खूब मौके मिलते। घटिया शेरो शायरी के बीच न्यूज चैनल के दोस्त आगे जाकर अपने कैमरे फिट कर देते और इंतज़ार की घड़ियां गिनने लगते। जो समय के कम गैरपाबंद नेता होते वे तीन के शेड्यूल में पांच साढ़े पांच बजते हाज़िर हो जाते। इधर लखनउ से मेरे पास फोन आना शुरू हो जाते। ``विमल, खबर भेजो यार।´´ ``अरे सर अभी तो आये हैं मुलायम। खत्म होते ही भेजता हूं।´´


खैर, जब तक जनसभा खत्म होती, शाम का अंधेरा घिर आता। मैं तुरंत बाहर निकल कर किसी साइबर कैफै में जाता और खबर बनाना शुरू करता। ``मुलायम अपील्स यूथ टु चूज अ रिस्पांसिबल गवर्नमेंट´´ ये हेडिंग लगाकर मैं किसी से पूछ नहीं सकता था कि कोई बढ़िया हेडिंग क्या लगायी जा सकती है। कैफे से खबर भेजने भर में जोनल ऑफिस लखनऊ से दो-तीन बार और फोन आ जाता। ``यार कितना टाइम लगाते हो, जल्दी भेजो।´´ मैं भेज कर खाली होता फिर जियालाल जी को अपनी खबर के बिंदु बताता लेकिन अक्सर वह खबर टीवी पर देखकर पहले ही बना चुके होते थे।
दुर्गेश से मेरा परिचय जियालाल जी ने ही प्रेस क्लब में एक कांफ्रेंस में कराया था। ``इनसे मिल लो, ये भी ऐजेंसी के आदमी हैं।´´ उनके शब्दों का मान रखने के लिये नहीं बल्कि इलाहाबाद की अजनबियत से बचने के लिये मैंने उससे दोस्ती कर ली। लेकिन दरअसल मेरा स्वार्थ यह था कि मेरे पास कोई वाहन नहीं था और उसकी हीरो पुक पर बैठने से ऑटो रिक्शे के किराये में बहुत बचत हो जाती थी। एक दिन मैं उसके हीरोपुक पर बैठा सिविल लाइंस की ओर जा रहा था कि बैरहना से आगे बढ़ते ही उसने एक गली की ओर अपना वाहन मोड़ दिया। ``आओ विमल भाई तुमका आपन एक दोस्त से मिलाई।´´ मैं कुछ प्रतिवाद करता तब तक गाड़ी गलियों में सरपट दौड़ती, पतली गलियों को पार करती एक दरवाज़े के सामने खड़ी हो चुकी थी। वह विवेक का घर था जिसके बारे में मेरा खयाल था कि दुर्गेश का दोस्त है तो दुर्गेश जैसा ही बड़बोला और आत्ममुग्ध होगा। मेरे बारे में कुछ ऐसे ही खयाल विवेक के मन में भी आये जब दुर्गेश ने मेरा परिचय करवाया, ``ई विमल भाई हैं, यूयनाई में हैं, जनत्यो कि नै यूयनाई ?  कहानियो लिखत हैं, कानसेप्टै नै ना किलयर एनकै।´´ दो तरह के लोगों से मुझे बहुत कोफ्त होती है। एक आत्ममुग्ध और दूसरे बड़बोले। दुर्गेश का मेरे बारे में कहना है कि मेरा कांसेप्टै क्लियर नहीं है क्योंकि मैं पत्रकारिता भी करता हूं, सिनेमा पर भी लिखता हूं, कहानियां भी लिखता हूं और इधर उसका ये विश्वास और बढ़ गया है जब से उसने पाया है कि मैं कविताएं भी लिखने लगा हूं। वह मेरे बारे में जितनी बातें करता है, उनमें से मैं सिर्फ़ इसी एक बात पर उससे मुतमइन हो पाता हूं।

                                                   क्रमशः ......
                                                
                                           (प्रत्येक रविवार को नयी किश्त)


संपर्क ..
विमल चन्द्र पाण्डेय 
प्लाट न. 130-131
मिसिरपुरा , लहरतारा 
वाराणसी , उ.प्र.., 221002

फोन न. - 09820813904
         09451887246

फिल्मों में विशेष रूचि 


गुरुवार, 17 मई 2012

विमल चन्द्र पाण्डेय का संस्मरण ....दूसरी किश्त





                                                   विमल चन्द्र पाण्डेय 


                                                     पिछली किश्त में आपने पढ़ा कि दिल्ली में बेरोजगारी के भीषण दिन गुजारने के बाद एक चमत्कार होता है और विमल को एक समाचार एजेंसी में नौकरी मिल जाती है | इस बीच अपने दोस्तों के साथ मिलकर वे एक प्रोडक्शन हॉउस भी खोल चुके होते है ...| लेकिन कुल मिलाकर परिस्थितियां ऐसी बनती हैं कि उन्हें दिल्ली छोड़कर इलाहाबाद आना पड़ता है |  और फिर क्या होता है इस शहर में , आईये इस कड़ी में पढ़ते हैं              
            


                                       प्रस्तुत है विमल चन्द्र पाण्डेय के संस्मरण 
                       शहरों से प्यार वाया इलाहाबाद -मेरी जिंदगी के सबसे उपजाऊ साल 
                                                     की दूसरी किश्त 




इलाहाबाद में नौकरी ज्वाइन करने के दो महीने बाद ही ´नया ज्ञानोदय´ के युवा पीढ़ी विशेशांक में मेरी कहानी ´पिता तुम कायर थे´ छपी थी और मैं उन दिनों दिन में चार से पांच कॉल के औसत से अपनी कहानी की तारीफ़ देश के कोने-कोने से सुनता था। लोग उस कहानी को पढ़ कर रोते सुबकते हुये फोन करते। कई ने मुझे यकीन दिलाया कि मैंने इस कहानी के रूप में हिंदी साहित्य को एक नायाब तोहफ़ा दिया है। मैं धीरे-धीरे उनकी बातों और इस जैसी कुछ और बातों पर यकी़न कर चला था कि मेरी मुलाकात मुरलीधर जी से हुयी। उसके पहले कुछ और बातों का ज़िक्र लाज़िमी है। इलाहाबाद में जो मेरा पहला दोस्त या साथी बना उसका नाम दुर्गेश मिश्रा था। वह भी मेरी तरह एक समाचार एजेंसी में पत्रकार था जिसका नाम पूछने पर लोग कहते थे, ´´अच्छा अच्छा, वह अखबार ?´´
वह तुरंत सफ़ाई देता, ´´नहीं नहीं अखबार सरा है, यह भारत की पहली न्यूज़ एजेंसी है।´´ इस पर कई बड़े अख़बारों के पत्रकार पूछ बैठते, ´´अच्छा यह शुरू हो गयी क्या ? कब ? मुझे भी दुर्गेश से ही पता चला कि यह भारत की पहली न्यूज़ एजेंसी है क्योंकि जिस दिन क्लास में यह पाठ पढ़ाया गया हो शायद मैं कैंटीन में बैठा चाय सुड़क रहा होउं। दुर्गेश पूरी तरह एक आकिस्मक व्यक्ति था जो कभी कुछ भी कर सकता था। वह अपनी बाईक पर जब मुझे पीछे बैठा कर चालीस की स्पीड में चला रहा होता था और उसे अचानक याद आता था कि उसने गाड़ी में तेल नहीं डलवाया तो वह चालीस की स्पीड पर चल रही गाड़ी को ज़ोर-ज़ोर से हिला कर पेट्रोल चेक करने लगता था। कभी भी कुछ भी बोल सकने की अपनी योग्यता के कारण यह कई लोगों से गाली और एकाध से बहुत तगड़ी मार खा चुका था। उसके आराध्य देव शंकर भगवान और मुरली मनोहर जोशी थे और मेरे सामने वह मार्क्सवाद और मार्क्सवादियों को गाली देने से यथासंभव बचता था जबकि मैंने कभी उससे मार्क्सवाद के पक्ष या विपक्ष में कुछ भी नहीं कहा था। मेरे रोज न नहाने, दस पंद्रह दिनों पर दाढ़ी बनवाने की क्रिया और संघियों को कोसने वाले किसी बयान को मिला कर वह पता नहीं किस प्रक्रिया से इस नतीजे पर पहुंचा था कि मैं मार्क्सवादी हूं और उसका दूसरा उप-निष्कर्ष था कि मार्क्सवादी सफाई पर बिल्कुल ध्यान नहीं देते। जब तक इलाहाबाद की चर्चा जारी रहेगी, दुर्गेश की चर्चा होती रहेगी।
मुझे नहीं पता था कि इलाहाबाद में साहित्य की किताबें कहां मिलती हैं या थियेटर कहां होते हैं। मैंने अपने मित्र और युवा कथाकार चंदन पाण्डेय को फोन किया जिसके बारे में मेरा मानना है कि मैं ग्लोब के किसी भी हिस्से में रहूं, अच्छी किताबें और फिल्में कहां मिलेंगी, जानने के लिये उससे अच्छा आदमी कोई नहीं है। उसने मेरी मदद की और मुझे दो लोगों के नंबर दिये जो काफी समय से इलाहाबाद में थे और साहित्य के अध्येता थे। पहला नंबर स्विच ऑफ निकला जिसका आज मुझे नाम भी याद नहीं और दूसरा नंबर शेशनाथ का निकला जिसने इलाहाबाद में रहने का मेरा आनंद कई गुना कर दिया। इस बीच मेरी मुलाकात रणविजय सिंह सत्यकेतु से हुयी जिन्हें मैं उनकी दो कहानियों ´फांक´ और ´कर्फ्यू´ से जानता था। वह गंभीर और बिल्कुल सौम्य टाइप के आदमी लगे। उन्होंने मुझे मुरलीधर से मिलवाने को कहा और साथ में यह भी हम लोगों को मिल कर इलाहाबाद में कोई साहित्यिक गोश्ठी शुरू करनी चाहिये। आकाशवाणी में कार्यक्रम अधिशासी डॉ. मुरलीधर जी से मेरी पहली मुलाक़ात पता नहीं उन्हें याद है या नहीं, लेकिन मेरे लिये यह आंख खोलने वाली रही। न सिर्फ़ वह मुलाक़ात बल्कि उसके बाद भी उन्हें देख कर उनके बिना सिखाये उनके आचरण से ज़िंदगी के बारे में बहुत कुछ सीखा। मैं सत्यकेतु के साथ अशोक नगर स्थित उनके घर पहुंचा तो वह नीचे ही मिल गये। अपने साथ हमें वह उपर चौथी या पांचवी मंज़िल स्थित अपने फ्लैट में ले गये जहां तक पहुंचते मेरी सांस फूल जाती थी और हर बार मैं सिगरेट छोड़ने की सोचता था। हमें पानी देने के बाद उन्होंने मेरी ओर मुख़ातिब होकर कहा, ´´आपकी कहानी पढ़ी इस बार नया ज्ञानोदय में´´। मैं आदतवश और अपने आशावादी स्वभाव के कारण अब प्रतीक्षा करने लगा कि अब वह किन शब्दों में इस कहानी की तारीफ़ करते हैं। मेरे चेहरे पर वह मुस्कराहट आ गयी जो मुख्य अतिथि के चेहरे पर मंच से नीचे देखते वक़्त होती है। वह मेरी बगल में सोफ़े पर बैठ गये और अपनी गहरी और साफ़ स्पश्ट उच्चारण वाली आवाज़ में बोले, ´´आपने क्या सोच के ऐसे विशय पर कहानी लिखी जिस पर पचासों कहानियां लिखी जा चुकी हैं और सैकड़ों फि़ल्में बन चुकी हैं ?´´ मैं हक्का बक्का था लेकिन हारा नहीं था। अपने बिखरे कांफिडेंस को ज़मीन पर से उठा कर मैंने अपने चेहरे पर लगाया और विशय के बारे में मज़बूत शब्दों और कमज़ोर आवाज़ में कोई दलील दी जो अब मुझे याद नहीं है। ज़ाहिर है वह याद किये जाने लायक थी भी नहीं। ´´उस पर उसका अंत इतना टाइप्ड और सतही है कि वहां तक पहुंचते-पहुंचते कहानी बिल्कुल खराब और अझेल हो जाती है।´´ उनका निष्कर्ष था। मैं बहुत अजीब स्थिति में था। अपनी कहानी तो दूर, मैंने ऐसे शब्द किसी खराब कहानीकार के लिये भी कभी उसके सामने प्रयोग नहीं किये थे (ज़ाहिर है मैं खुद को अच्छाकहानीकार मानता हूँ). कम से कम मैं रचनाकार के सामने उसकी रचना की तारीफ़ किये जाने का नियम जानता था। यह वही इलाहाबाद था और यह वही इलाहाबादी तेवर था जिसकी तारीफ में जितना कहा जाय, कम है। इस मुलाक़ात के बाद ´मुखातिब´ को शुरू किये जाने की योजनाएं बनने लगी थीं।


                                                                                        क्रमशः ........


                                                                                  (प्रत्येक रविवार को नयी किश्त )


संपर्क ---


विमल चन्द्र पाण्डेय 
प्लाट न. - 130, 131 
मिसिरपूरा , लहरतारा 
वाराणसी , उ.प्र.   221002


फोन न. - 09820813904
             09451887246


फिल्मों में विशेष रूचि 

मंगलवार, 15 मई 2012

विमल चन्द्र पाण्डेय का संस्मरण ----पहली किश्त





                                                                    विमल चन्द्र पाण्डेय 


विमल चन्द्र पाण्डेय  युवा कथाकारों की उस पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करते हैं , जिन्होंने पिछले एक दशक में हिंदी साहित्य जगत पर गहरी छाप छोड़ी है | इन्होने कथा जगत में सार्थक हस्तक्षेप करने के साथ ही साथ  , अन्य रचनात्मक विधाओं में भी काफी महत्वपूर्ण और उल्लेखनीय योगदान दिया  है | विमल का उदाहरण हमारे सामने है | पत्रकारिता और सिनेमा की उनकी समझ और उस पर किया गया कार्य इस तथ्य की गवाही देता है , कि उनका रचनात्मक दायरा कितना विस्तृत है | 'डर' कहानी संग्रह पर उन्हें ज्ञानपीठ का नवलेखन पुरस्कार भी मिल चुका है | वे जब कुछ नया लिखते या करते हैं , वह जरुर चर्चित होता है ..| पिछले दिनों लिखी गयी उनकी कवितायेँ इतनी मारक और बेहतरीन रही  हैं , कि सहसा यह विश्वाश नहीं होता की यह शख्श कविता  के अलावा किसी दूसरी विधा में भी लिखता होगा ..| 

यहाँ विमल फिर से एक नए प्रयोग के साथ हमारे सामने हैं | पढ़ाई के बाद अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए उन्होंने 'संस्मरण' विधा में हाथ आजमाया है | " शहरों से प्यार वाया इलाहाबाद - मेरी जिंदगी के सबसे उपजाऊ साल '" नामक यह संस्मरण हमारी आपकी कहानी जैसा ही चलता दिखाई देता है |  भाषा की यह रवानी और अपने को निर्ममता  पूर्वक जांच पाने की यह कोशिश देखने लायक है | जब भी हम अपने आपको इस तरह से खंगालते हैं , कुछ स्थान , कुछ लोग और उनसे जुडी कुछ स्मृतियाँ हमारे सामने खड़ी हो जाती हैं | ...ऐसी स्मृतियाँ , जिन्होंने हमारे निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान किया है ...| 

                                          तो प्रस्तुत है विमल चन्द्र पाण्डेय के संस्मरण 
                     ' शहरों से प्यार वाया इलाहाबाद - मेरी जिंदगी के सबसे उपजाऊ साल' 
                                                             की पहली किश्त |  







दिल्ली में भीषण बेरोज़गारी के दिन गुज़ारने के दौरान, जब ज़िंदगी के दिये का तेल खत्म होता ही लग रहा 
था, कि यूएनआई में नौकरी लग गयी। नौकरी क्या थी, एक चमत्कार था। यूएनआई का लिखित और 
साक्षात्कार निकालने से पहले इसी एजेंसी में नौकरी के लिये दो बार पहले भी परीक्षा में बैठ चुका था 
लेकिन हिंदी सेवा यूनिवार्ता के लिये। कमाल यह कि दोनों ही बार हिंदी सेवा से नौकरी में चयनित न हो 
पाने के कारण तीसरी बार जब अंग्रेज़ी में प्रयास किया तो पहली बार में ही चयन हो जाने पर इस नश्वर 
दुनिया के बारे में दो बातें समझ में आयीं। पहली यह कि इस दुनिया में कभी भी कुछ भी हो सकता है, 
खासतौर पर अगर आप नगर निगम, लोक निर्माण विभाग या मीडिया में से किसी दुनिया की बात कर रहे 
हैं। दूसरी यह कि मेरी अंग्रेज़ी अच्छी है (कई भ्रमों की तरह यह भ्रम भी मेरा काफी बाद में टूटा जब एजेंसी 
की रुटीन पत्रकारिता के अलावा अलग से कुछ लिखने का मौका मिला, खैर प्रयास जारी है) और भविष्य में 
मैं हिंदी में लिखने के अलावा कभी अंग्रेज़ी में भी लिखने में हाथ ज़रूर साफ़ करूंगा। बहरहाल, पहली 
पोस्टिंग इलाहाबाद थी और लाख गुरबतों के बावजूद मैं उस समय दिल्ली छोड़ने को मानसिक रूप से तैयार 
नहीं था। हर अखबार और चैनल में नाक रगड़ कर वापस आ चुकने के बाद कोई काम न मिलने के एवज़ 
में मैंने शशि और मुरारी के साथ एक प्रोडक्शन हाउस शुरू कर दिया था जिसका नाम स्ट्रांग विज़न मीडिया 
(इन शॉर्ट एसवीएम प्रोडक्शन यानि शिश विमल मुरारी था जो कि नाम से ही पिटा हुआ था) था और जिसे 
जल्दी ही खूब सारी अच्छी और सारगर्भित डॉक्यूमेंट्रीज बनानी थीं और दुनिया पर छा जाना था। हमें अपना 
पहला असाइनमेण्ट कांग्रेस के एक प्रत्याशी के लिये नो प्रॉफिट नो लॉस पर मिला था जिसके गम को मैं 
शशि के साथ ´´अबे हम प्रोफेशनल्स हैं और हमारे लिये कांग्रेस और भाजपा में कोई अंतर नहीं। ग्राहक ही 
हमारा भगवान है´´ टाइप की चीज़ें बोलकर ग़लत किया था और काम पूरा किया था। यह 2007 के मार्च 
महीने का अंतिम हफ्ता था जब 9, रफी मार्ग पर एक बंद कमरे में एक बड़ी मेज़ के पीछे बैठे दो तीन 
पत्रकार कम और व्यवसायी अधिक दिखते लोगों ने मुझसे पूछा था, ´´आर यू कम्फर्टेबल टु वर्क 
आउटसाइड डेलही ?´´
´´आय´म ओपन टु वर्क एनिव्हेयर इन इंडिया।´´ इस उत्तर से उन्हें मेरी काम के प्रति निष्ठा का पता चला 
न कि मेरी खराब माली हालत का।
´´एण्ड इफ वी सेण्ड यू टु अलाहाबाद, वुड यू लाइक टु वर्क देयर ? यू नो, द पालिटिक्स ऑफ स्मॉल 
सिटीज़ मैटर अ....।´´´´अलाहाबाद हैज ऑलवेज़ बीन अ सेकेण्ड होम टु मी। माय अंकल लिव्स देयर एण्ड आय´म वेरी मच 
फेमिलियर विद द ज्योग्राफी...।´´ मैंने अकुताहट में उनकी बात काट दी। वे मुस्कराये और मुझे परिणाम 
के बारे में बाद में बताने को कह कर जाने को कहा। मैंने बाहर निकलते ही आनंद को बताया कि इस बार 
लगता है नौकरी मिल जायेगी। नौकरी का कॉल लेटर आया तो विभव ने जाने को मना किया और मुझ 
हमारे वादे की या दिलायी जिसमें हमने एसवीएम प्रोडक्शन के दुनिया पर छा जाने की बात कही थी। मैंने 
इस बात को भूल जाना ही बेहतर समझा।   






                                                                                                                 क्रमशः .......
                                                                                                   ( प्रत्येक रविवार को नयी किश्त )





संपर्क 

विमल चन्द्र पाण्डेय 
प्लाट न. 130 - 131  
मिसिरपुरा , लहरतारा 
वाराणसी . उ.प्र. 221002 

फोन न. 09820813904
            09451887246  

फिल्मो में विशेष रूचि