बुधवार, 20 जून 2012

सिर झुका लेने का वक्त नहीं है यह ...भरत प्रसाद


                                  भरत प्रसाद 

हिंदी युवा आलोचना जगत में भरत प्रसाद का नाम जाना पहचाना है | उनकी स्थापनाओं को न सिर्फ गंभीरता से लिया जाता है , वरन उस पर पर्याप्त बहस भी होती है | लेकिन कभी कभी यही छवि उनके द्वारा अन्य विधाओं में किये गए कार्यों पर भारी भी पड़ जाती है | जैसे उनकी कविताओं को ही लें | इतनी वैचारिक प्रतिबद्धता और जनोन्मुख सम्वेदनशीलता के बावजूद इन कविताओं पर उतनी बहस और बात नहीं होती , जितनी की ये हकदार हैं | खैर ................. | यहाँ प्रस्तुत कविताओं में एक तरफ भरत प्रसाद का संवेदशील मन हमारी दुनिया के माथे पर लगे कलंको की पड़ताल करता है , वही दूसरी तरफ वह अपने आपको भी कोई छूट नहीं देता और उसी निर्ममता से जांचता है, जिस तरह इस दुनिया को  |

           तो प्रस्तुत है 'सिताब दियारा' ब्लाग पर 'भरत प्रसाद' की चार कवितायें 


1...             रेड लाइट एरिया 


यहाँ दिन कभी नहीं होता,
चौगुनी रात रहती है,
जिधर सूरज की रोशनी-
सिर्फ इच्छा में संभव है।
जहाँ के मौसम में हमेशा
पतन की खौफनाक बदबू उड़ती है-
यह वही श्मशान है
जहाँ वासना की जिंदा लाशें
हवश का नृत्य करती हैं,
जिसकी दिशाओं से दमन की गूँज उठती है-
जिसकी हवाओं में बदनाम आत्माओं की चीखें सुनाई देती हैं।
यहाँ आते ही औरत की सारी परिभाषाएँ उलट जाती हैं
वह न तो बहन है, न बेटी
न ही किसी की पत्नी
माँ कहलाने की गलती वह सपने में भी न करे,
यहाँ वह औरत भी कहाँ रह जाती है ?
वह तो बस
प्रतिदिन परोसी जाने वाली थाली है,
या फिर कोई मैली झील
जो सिर्फ जानवरों की प्यास बुझाने के काम आती है।
शरीर पर जख़्म चाहे जितने भी गहरे हों
गिने जा सकते हैं,
परन्तु ह्रदय के जख़्मों की गिनती कैसे की जाय ?
ऐसे घावों के इलाज के लिए
कोई दवा ही नहीं बनी आज तक।
किसी लावारिश खिलौने की तरह
उससे इस तरह खेला जाता है,
कि उसको चाहे जितनी बार जमीन पर फेंको
कोई आवाज ही नहीं आती।
यकीनन, उसके भतीर से
आत्मा का नामोनिशान मिट चुका है,
अपनी इच्छा के लिए उसमें अब कोई जगह नहीं,
सपने देखना तो जीवन भर के लिए प्रतिबन्धित है
आजादी का हक उसे मरने के बाद सम्भव है
और तो और
अपने एहसास पर भी उसका कोई अधिकार नहीं
हाँ, उसको यदि कोई छूट है,
तो बस गुमनाम रहकर
चुपचाप जमीन में दफन हो जाने की।
पृथ्वी पर जीने की एक शर्त
यदि हलाहल नफरत को पी जाना हो,
तो वह सबसे पहले इसी पर लागू होता है-
बंजर इससे कहीं ज्यादा उपजाऊ है,
तिनका इससे कहीं ज्यादा मजबूत
आदमी दुर्गन्ध से भी इतनी घृणा नहीं करता,
उम्र कैदी की आत्मा भी इतना विलाप नहीं करती ;
मैं और क्या कहूँ ?
कोई निर्जीव वस्तु भी इतनी जड़ कहाँ होती है ?
इसके बावजूद
उसमें औरत की तरह जीने की बेचैनी अभी बाकी है,
बाकी है सलाखें तोड़कर निकल भागने की हसरत
अपनी भस्म पर फसल लहलहाने की हिम्मत अभी बाकी है,
कोई देखे जरा,
सब कुछ लुट जाने के बावजूद
उसकी आँखों में अभी कितना पानी शेष है,
यकीन नहीं होता कि,
वह अब भी हँस सकती है,
रो सकती है, नाच सकती है, खुश हो सकती है
सबसे आश्चर्यजनक यह कि
वह अभी भी प्यार कर सकती है ;
ख़ैर मनाइए,
आपके आदमी होने से अभी भी उसका विश्वास उठा नहीं है।


2...        वह चेहरा
                    (जिसका होना सिर्फ आश्चर्य है)

तुमको देखना,
मानो वेदना की दबी-कुचली पुकार को सुनना है,
पढ़ना है यातना के सदियों पुराने इतिहास को
उस मिटते हुए अध्याय को जानना है
जिसके नष्ट-भ्रष्ट शब्दों से
अनहद नाद करती
सुदूर अतीत की चीखें सुनाई देती हैं।
तुम्हारे होने का अर्थ है
लाचार इंसानियत के साथ लगातार होने वाला अनर्थ
जड़ से बार-बार उखड़ जाने के बावजूद,
सूखा ही सही
जमीन में धसा हुआ ठिगना पौधा,
लहलहाने के पहले पशुओं द्वारा
रौंद कर बर्बाद कर दी गयी खेती।
दीदी ! सच-सच बतलाना
तुम्हारी साँवली नसों में दिन-रात
गैरों से मिले हुए अपमान का
तीखा-तीखा दर्द बहता है कि नहीं ?
तुम कहो, न कहो
हमें पता है कि तुम्हारी हड्डियाँ
रोज-रोज दुश्वारियों से टकरा-टकरा कर
पत्थर बन गयी हैं।
ग़़मों के चक्रवात से लड़ने का दुस्साहस
किसे कहते हैं,
यह कोई, चट्टान बन चुकी तुम्हारी आत्मा से पूछे।
ऐसा क्या है कि
अपने बारे में तुम्हारी जुबान अक्सर ख़ामोश ही रहती है,
वैसे, तुम्हारे लाख छिपाने के बावजूद
भविष्य के गहन शून्य में खोई-खोई सी आँखें,
पिटे हुए लोहे जैसी काया,
हारी हुई त्वचा की रंगत,
बचपन से ही दबा हुआ मस्तक
तुम्हारी अन्दरूनी हकीकत का
मुँह-मुँह बयान करते हैं।
देर रात नींद आने से पहले
तुम्हारी थकी हुई कल्पना के आकाश में
दसों दिशाओं से
हताशा की कैसी घुप्प घटाएँ घिरती होंगी,
कौन जानता है ?
तुम्हारे विलाप को स्वर देने के लिए
सिर्फ एक मुँह काफी नहीं है,
पछाड़ खाकर रोने से कई गुना बढ़कर
अपने आप से रोना किस बेबसी का नाम है
यह कोई तुमसे जाने।
तुम्हारे भीतर इतना उजाड़ बस चुका है
कि उजड़ने का कोई मतलब ही नहीं रह गया है,
अन्तरात्मा में पराजय इस कदर भर गयी है
कि जैसे पराजित होना कोई मायने ही नहीं रखता,
तुम मौजूद हो- यह सच है?
परन्तु इस मानव - सभ्यता में
तुम्हारी मौजूदगी कहीं भी नहीं है,
यह भी एक हक़ीकत है।


3...        कैसे कह दूँ ?


क्या हमारी शरीर में ऊँची जगह पाकर
हमारा मस्तिष्क सार्थक हो उठा ?
क्या हमारी आँखें सम्पूर्ण हो गयीं,
हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा बनकर ?
क्या हमने अन्धकार के पक्ष में बोलने से
बचा लिया खुद को ?
क्या सीने पर हाथ रखकर कह सकता हूँ मैं
कि अपने हृदय के कार्य में कभी कोई बाधा नहीं डाली ?
आत्मा की गहराइयों से उठे हुए विचारों की
क्या मैं हत्या नहीं कर देता ?
दरअसल अपनी गहन भावनाओं का सम्मान करने वाला
मैं उचित पात्र ही नहीं हूँ।
वे इस कायर ढाँचे में क्यों उमड़ती हैं ?
छटपटाकर मरती हुई अन्तर्दृष्टि से प्रार्थना है-
कि वे इस जेलखाने को तोड़कर कहीं और भाग जायँ ।
अपनी अंतर्ध्वनि का तयपूर्वक मैंने कितनी बार गला घोंटा है,
कौन जाने ?
पूरी शरीर को ता-उम्र कछुआ बने रहने का रोग लग चुका है,
हाथ-पैर, आँख-कान-मुँह आज तक अपना औचित्य सिद्ध ही नहीं कर पाए
करना था कुछ और तो कर डालते हैं कुछ और
दृश्य-अदृश्य न जाने कितने भय और आतंक से सहमकर
पेट में सिकुड़े रहते हैं हर पल।
मेरा अतिरिक्त शातिर दिमाग शतरंज को भी मात देता है,
भीतर के अथाह खोखलेपन के बारे में क्या कहना ?
कैसे कह दूँ कि मैं अपने जहरीले दाँतों से,
हत्याएँ नहीं किया करता ?



4...      सर उठाओ बंधु !


मौके पर सटीक उत्तर न देने की चालाकी
हाथ-पैर, जुबान से ही नहीं
दिलोदिमाग से भी तुम्हें नपुंसक बना देती है।
सुनकर भी अनसुना कर देने की आदत
सिर्फ कान से ही नहीं,
मन से भी तुम्हें बहरा कर देती है,
हक़ीकत से अक्सर मुँह फिरा लेने की कायरता
भीतर-भीतर कितना खोखला
और सड़ता हुआ मुर्दा बना देती है,
तुम्हें पता ही नहीं चलता,
                        जब तक तुम खड़ा होने के बारे में सोचोगे,
                        दुश्मन अपना मकसद पूरा कर चुका होगा
                        सच-सच बोलने की जब तक हिम्मत जुटावोगे,
                        तुम्हारी जीभ कट चुकी होगी,
                        तुम्हारी मुकाबला करने वाली नजरें जब तक उठेंगी-
                        अंधा कर दिया जाएगा,
                        हमेशा के लिए मिट गये वे,
                        जिन्होंने हद से ज्यादा खुद को बचाया,
                        कहाँ हैं उनके नामोनिशान ?
                        जिन्होंने अपने आगे
                        और किसी की सुनी ही नहीं-
जीवित कौन हैं ?
वे, जिन्होंने जीते जी खुद को मिटा डाला ?
या फिर वे, जो मौत के नाम से हाड़-हाड़ काँपते थे ?
जब एक सिर उठता है, तब सिर्फ एक सिर नहीं उठता,
जब एक कदम बढ़ता है, तो केवल एक कदम नहीं बढ़ाता,
जरा तबियत से एक बार खड़े तो हो जाओ,
न जाने कैसे अनगिनत शरीर में अड़ने का साहस आ जाएगा,
सिर झुके तो सिर्फ उनके लिए
जिन्होंने तुम्हें सिर उठाने की तहजीब दी,
वरना, सिर उठाओ बंधु !
सामने मौत बनकर नाचते अन्धकार से
नजरें चुराकर, सिर झुका लेने का वक्त नहीं है यह। 


संपर्क

भरत प्रसाद
सहायक प्रोफ़ेसर
हिंदी विभाग
पूर्वोत्तर पर्वतीय विश्वविद्यालय
शिलांग , मेघालय ...793022
मो.न. 09863076138



रविवार, 17 जून 2012

विमल चन्द्र पाण्डेय का संस्मरण - सातवीं किश्त



                                 विमल चन्द्र पाण्डेय 

पिछली किश्त में आपने पढ़ा कि इलाहाबाद में एक साथ दो बड़ी घटनाएं होती हैं | एक तो अमिताभ बच्चन अपनी माँ 'तेजी बच्चन' की अस्थियों को विसर्जित करने के लिए संगम पर पहुचते हैं , और दूसरी तरफ हिंदी के जाने माने साहित्यकार अमरकांत जी को 'साहित्य अकादमी' पुरस्कार से नवाजा जाता है | विमल जहाँ अमरकांत से साक्षात्कार लेने में डूबे हुए हैं , वहीँ ऊपर से उन्हें निर्देश दिया जाता है , कि वे अमिताभ वाली खबर को कवर करें | विमल का संवेदी मन अपने दिल की बात मानकर अमरकांत जी के साथ बने रहने का निर्णय करता है और ऊपर के निर्देशों की लगभग अवहेलना कर देता है | लेकिन उस समय उन्हें उस अवहेलना की कीमत का पता चलता है , जब अगले दिन की खबरों से उनके द्वारा भेजी गयी 'अमरकांत' वाली खबर पूरी तरह से नदारद रहती है |

विमल की बड़ी खासियत यह है कि अपने आस पास के परिवेश को उद्घाटित करते हुए इस संस्मरण में वे ऊपर-ऊपर तो अपना मजाक उड़ाते हैं , लेकिन भीतर-भीतर इस समाज और व्यवस्था की वह तस्वीर प्रस्तुत करते हैं , जो बेहद अमानवीय और सालने वाली है |

                    

                    तो प्रस्तुत है विमल चन्द्र पाण्डेय के संस्मरण 
                            ई इलाहाब्बाद है भईया
                              की सातवीं किश्त 

                                   11..
‘ओम शांति ओम’ हमारे लिए चेतावनी का अलार्म थी. विवेक का कहना था कि करने वाले लोग इतना कचरा-कचरा काम कर दे रहे हैं और हम सिर्फ़ सोच रहे हैं, हमें छोटे स्तर पर ही सही, अपना काम शुरू करना चाहिए. मैंने हामी भरी. जिस दिन मैंने अर्बेन्द्र का हैंडीकैम देखा, मेरा दिल ज़ोरों से धड़कने लगा. उसके कैमरे की रेंज अच्छी थी. मुझे लगा ये मेरे लिए ऊपर वाले का सन्देश है कि ले बेटा कैमरा कुछ कर. मैंने दिल्ली में सौरभ शर्मा (सूचना का अधिकार पर बनायी गयी उनकी संस्था ‘जोश’ में काम करते हुए) और नीरज एडिटर के साथ मिलकर मानवाधिकार आयोग पर जो डॉक्यूमेंट्री बनाई थी, उसकी बहुत तारीफ हुई थी और उसके बाद एसवीएम प्रोडक्शन की कांग्रेस के लिए बनाई गयी फिल्म भी ठीक-ठाक ही थी. लेकिन बात ये थी कि मैं नॉन-फिक्शन का नहीं , वरन फिक्शन का आदमी था. विवेक का मन अलबत्ता नॉन-फिक्शन में लगता था लेकिन तय यही रहा कि हम अर्बेन्द्र के कैमरे से पहले एक 12 मिनट की शोर्ट फिल्म बनायेंगे. पहले तो मैंने ज्ञान प्रकाश विवेक की दसों साल पहले इंडिया टुडे में प्रकाशित एक कहानी ‘बोहेमियन’ पर शोर्ट फिल्म बनाने की सोची लेकिन उसके लिए हमें संसाधन ज़्यादा चाहिए थे और दो दमदार अभिनेता भी. विवेक उस कहानी से बहुत मुतास्सिर नहीं हो पा रहा था क्योंकि उसके हिसाब से वह कहानी आम दर्शक को थोड़ी कम समझ में आती. मैंने एक कहानी लिखी जिसमे एक दंगे का दृश्य था और वह एक कसाई की कहानी थी जो बहुत सीधे सादे स्वभाव का है. विवेक रोज़ सुबह मेरे कमरे पर आ जाता और हम स्क्रीनप्ले और प्रोपर्टीज पर बहस करते. हमने कागज पर अच्छा खासा काम किया था और ये छोटी-छोटी बातें भले आपकी ज़िंदगी में प्रत्यक्षतः कुछ जोड़ती न हों, आपको सिखाती बहुत हैं. ये ऐसे अनुभव होते हैं जो हमेशा साथ रहते हैं. हम कसाई के रोल के लिए एक अच्छा अभिनेता खोज रहे थे और कई लोगों से बात करने के बाद विवेक ने मुझे आईडिया दिया कि हम क्यों न अर्बेन्द्र को ट्राई करें. हमने अर्बेन्द्र का स्क्रीन टेस्ट लिया और उसने हमें अपने चेहरे पर छाये ‘नो एक्सप्रेशन’ से कन्विंस कर दिया कि वह कसाई के रोल में घुस गया है. उसे फाईनल कर दिया गया और मैंने इस खुशी में लौज के बाहर से लाकर सबको मुहूरत की मिठाई भी खिलाई. उन दिनों बनारस से अनुज भी आया हुआ था.

मित्र विवेक के साथ विश्वविद्यालय रोड के किनारे वाली चाय की दूकान पर 
बनारस में हमारे पास इत्मीनान से बैठ कर अड्डेबाजी करने के लिए कोई निश्चित जगह नहीं हुआ करती थी. जब से मैंने इलाहाबाद में कमरा लिया था तब से ये एक नियम बन गया था की जब भी बनारस के दोस्त एक साथ खाली होंगे, मेरे कमरे पर मयनोशी करने चले आया करेंगे. तो उन दिनों बनारस से अनुज एकाध दिनों के लिए आया हुआ था और उसे हर गर्मियों की तरह इस बार भी दो तीन नाज़ुक जगहों पर फुन्सियाँ निकली हुई थीं.

तो कुल मिलाकर प्री-प्रोडक्शन का काम शुरू होने का वक्त आ चुका था. मैंने अपने नजर में अच्छी स्क्रिप्ट लिखी थी और बाकी छोटी मोटी बातें भी फाईनल हो चुकी थीं. अब हमारे लीड अभिनेता पर काफ़ी कुछ निर्भर करता था. मैंने अर्बेन्द्र को किरदार में घुसने के कुछ तरीके बताये थे और कुछ उसने खुद ईजाद किये थे. उसने बताया कि आजकल ए टीवी के ऑफिस से आते वक्त वह रामबाग पर एक मटन की दुकान पर काफ़ी देर तक खड़ा रहता है. वहाँ से उसने उस कसाई की बहुत सारी भाव भंगिमाएं नोट की हैं जो उसके किरदार के लिए बड़े काम की हैं. मुझे बहुत संतोष हुआ क्योंकि मैं निर्देशक के साथ-साथ निर्माता भी तो था. हमने पहली बार कैमरा ट्राईपोड पर लगा कर अपने लौज में ही रिहर्सल करवाने की सोची. अर्बेन्द्र को अनुज का हाथ पकड़ कर उसे मारने के लिए अपना हथियार उठाना था, अनुज को एक छोटे बच्चे की भूमिका करनी थी जिसे ‘मुझे छोड़ दो अंकल, जाने दो...प्लीज’ की विनती करते हुए हाथ छुड़ाना था. अर्बेन्द्र को तुरंत उसका हाथ नहीं छोड़ना था लेकिन थोड़े संघर्ष के बाद उसका हाथ छोड़ देना था और शून्य में ताकने लगना था.
दोनों कलाकारों को दृश्य समझाया गया. हालाँकि अनुज का कहना था कि वो नहीं करना चाहता लेकिन उसे ये कह कर राज़ी किया गया कि उसे सिर्फ़ रिहर्सल में साथ देना है, फिल्म में नहीं, हम इस दृश्य को कैमरे पर देखना चाहते हैं कि क्या कमी हो रही है, इसलिए उसे इस पुनीत कार्य में हमारा साथ देना चाहिए. वह बिना मन के राज़ी हो गया.

दृश्य शुरू होते ही अर्बेन्द्र अपने कैरेक्टर में फटाक से घुस गया, जब अनुज अभी सोच ही रहा था कि कैरेक्टर में घुसने की ये क्रिया होती कैसे है. दृश्य हम लोग लौज के बरामदे में कर रहे थे और फौजी और एकाध लड़के अपने खुले दरवाज़ों से हमें देख कर मुस्करा रहे थे. फौजी बिहार से ताल्लुक रखते थे और लौज का एक प्रमुख हिस्सा थे जिनके बारे में आगे बात की जायेगी. अर्बेन्द्र का किरदार में घुसना देख कर अनुज को भी मजबूरन अपने किरदार में घुसना पड़ा.

“मुझे छोड़ दो अंकल....अअआ...दर्द हो रहा है...प्लीज.” लेकिन अर्बेन्द्र ने उसका हाथ नहीं छोड़ा और पास पड़ा अपना हथियार उठाया. इधर अनुज उसकी पकड़ से छूटने की पूरी कोशिश कर रहा था. उसने अनुज की कलाई इतनी कस के पकड़ रखी थी कि उस पर सिलवटें आ गयी थीं. उसकी आंखे क्रूरता से चमक रही थीं और पकड़ खूब सख्त थी, यही उसकी पूरी एक्टिंग थी जो उसने उस कसाई को देख कर सीखी थी. अनुज अपना हाथ छुड़वाने के लिए ताकत लगा रहा था लेकिन कसाई अपने किरदार में गहरे उतर गया था.

“छोड़ दो अंकल.....प्लीईईज...अबे छोड़ो...”

अर्बेन्द्र ने हाथ नहीं छोड़ा तो अनुज ने उसके पैर के एक जोर की लात लगाई और अपना हाथ झटके से छुड़ा लिया.

“छोड़ो भोसड़ी के..........तब से अंकल अंकल कह रहे हैं समझ में नहीं आ रहा...चूतिया कहीं के...”
अनुज की बगल में निकली फुंसियों में से एकाध अर्बेन्द्र के जीवंत अभिनय के कारण फूट गयी थीं और वह ज़मीन पर अधलेटी अवस्था में कराह रहा था. हमने उसे सहरा देकर उठाया तो फौजी अपने दरवाज़े पर आकर खड़े हो गए और हँसने लगे, “काहें हो ....फाट गईल ?” अब ना बनबऽऽ हीरो ?”

अनुज ने एक जलती नज़र फौजी पर डाली और उन्हें जीवनदान देता हुआ कराहता कमरे में चला आया. यह वही अनुज था जिसका नाम कालांतर में ‘बाबा’ पड़ना था और जिसके ऊपर ‘बाबा एगो हईये हउयें’ कहानी लिखी जानी थी. अर्बेन्द्र भी किरदार से बाहर निकल कर चुपचाप आकर बाल्टी से पानी निकाल कर पीने लगा और मुझसे वही पुरानी शिकायत करने लगा कि मैं बहुत फूहड़ आदमी हूँ जो पीने का पानी तक ढक कर नहीं रखता. मैं विवेक को निराशा भरी नज़रों से देख रहा था कि हमारी शोर्ट फिल्म का क्या होगा.

अगले दिन हम अर्बेन्द्र को लेकर कीडगंज के पीछे बोट क्लब गए और वहाँ हमने उसके कुछ एक्सप्रेशन कैमरे में कैद करने चाहे. वह दूर खड़ा था और वहाँ से उसे दौड़ते हुए चिल्लाते हुए कैमरे की तरफ आना था. उसने किसी तरह ये शोट दिया लेकिन मजा नहीं आया. हमने इसे चार बार दोहराया और पांचवी बार उसकी चेतावनी थी, ‘’अब आखिरी बार दौड़ रहे हैं, इसके बाद नहीं दौडेंगे.” वह आखिरी बार पिछली कोशिशों से भी खराब दौड़ा. हमने उसे अपनी शर्ट खोल कर गुस्से से कैमरे की ओर देखने और कुछ संवाद बोलने को कहा. उसने अपने आसपास नज़र डाली और शर्ट उतरने से साफ़ मुकर गया.

“अब नंगा भी करा दोगे क्या...?” मेरा दिमाग खराब हो गया. मैंने कैमरा बंद करके विवेक के हवाले किया. “अब से कोई इस फिल्म के बारे में बात नहीं करेगा, खत्म.” और मैं चुपचाप आकर अपने कमरे में लेट गया. बाद में पता चला कि विवेक ने अपने तईं उसे कुछ देर समझाने की नाकाम कोशिश की थी. उसका विवेक से सवाल था कि क्या सभी बनारसी ऐसे ही गालियाँ देते हैं ? विवेक ने उसे कहा था कि ऐसा नहीं है. कुछ ही बनारसी इतने बद्तमीज होते हैं, जब इस पर अर्बेन्द्र खुश हुआ तो विवेक ने वहाँ से निकलते वक्त कहा कि बाकी बनारसी महाबद्तमीज होते हैं.
खैर, ये हमारी पहली कोशिश थी जो नाकाम रही थी और इस नाकामी ने हमें एक महीने तक कोई काम नहीं करने दिया.
                              
                                  12...                      

अर्बेन्द्र ने पगार न मिलने के कारण ए टीवी छोड़ दिया था. वह उन स्थानीय पत्रकारों की तरह पुलिस वालों और नेताओं से कमाने की कला नहीं जानता था और स्थानीय चैनल वाले बिना तनख्वाह दिए इसीलिए काम करते थे कि पत्रकार ‘इधर उधर’ से तो खाने कमाने लायक कमा ही लेगा. वह तो ऐसा कर्मठ पत्रकार था जो मर्डर की खबर मिल जाने के बावजूद घटनास्थल पर जाता था और लाश का बकायदा मुआयना करता था कि उसे कितनी जगह चोटें आई हैं. उसे उसके कुछ सीनियरों ने समझाया कि उसे अखबार में काम करना चाहिए क्योंकि चैनल सब दलाल हो गए हैं. वह एक स्थानीय अखबार ‘शहर समता’ में काम करने लगा जहाँ उसे हर महीने हजारों रुपये देने का वायदा किया गया.

इलाहाबाद के जाने माने अखबार ‘यूनाइटेड भारत’ में एक क्राईम रिपोर्टर गिरीश पांडे जी थे जिनके बारे में माना जाता था कि वह अपराध होने से पहले ही खबर बना लेते हैं कि अपराध कहाँ और कब होने वाला है. उन्होंने ख़बरें निकालने के लिए मुझे कुछ गुरुमंत्र दिए थे जिनमें से एकाध मेरे काम भी आये थे. अर्बेन्द्र भी शहर समता के लिए अपराध की रिपोर्टिंग करने लगा था और इस तरह गिरीश जी उसके सर बन गए थे. मैं अपराध की ख़बरें अर्बेन्द्र से ही ले लिया करता था और यह कहने में मुझे ज़रा भी शर्म नहीं आनी चाहिए कि इस नौकरी की वजह से मैं बहुत आरामतलब और आलसी सा हो गया था. मुझे बैठे-बैठे ख़बरें मिल जाती थीं और मैं उसे बना कर लखनऊ भेज दिया करता था. एक दिन मैंने यूँ ही अर्बेन्द्र से पूछ दिया कि अपराध की पत्रकारिता कैसे होती है. उसने बदले में बड़ी-बड़ी बातें कीं जैसे इसके लिए बहुत बड़ा कलेजा चाहिए, पत्रकार को बहुत मुस्तैद होना चाहिए और सबसे अधिक, किसी भी चीज से डरना नहीं चाहिए. उसने साथ में यह भी कहा कि वह कल से सुबह निकलते वक्त मुझे भी अपने साथ ले लिया करेगा ताकि मैं भी कुछ गुर सीख लूं. मैंने कोई उत्साह नहीं दिखाया.

लेकिन मेरे उत्साह दिखाने न दिखाने से क्या होता है जब सामने वाला अति-उत्साही हो. सुबह ७ बजे मेरा दरवाज़ा खटखटाया गया और अर्बेन्द्र ने मुझे सिर्फ़ १५ मिनट का वक्त दिया कि मैं इसमें जो चाहे कर लूं और उसके साथ निकल चलूँ. ये इलाहाबाद है, कोई इस तरह यहाँ कुछ सिखाता नहीं, इसलिए मुझे उसके जैसे दोस्त का फायदा उठाना चाहिए. मुझे उसकी बातों में सच्चाई महसूस हुई. मैं उतनी देर में जितना तैयार हो सकता था, हुआ और उसकी हीरो पुक पर सवार होकर चल पड़ा. वह सड़क से न चल कर गलियों का सहारा लेता था . एक पुराने इलाहाबादी की तरह उसे सारी गलियाँ मालूम थीं.

“हम कहाँ जा रहे हैं ? कोई क्राईम हुआ है क्या ?” मैंने पूछा लेकिन अब वो मेरा सीनियर बन चुका था और उसने मेरे इस मामूली सवाल को वक्त के भरोसे छोड़ दिया. इधर उधर गलियों से गुज़र कर उसकी गाड़ी शहर के सरकारी यानि स्वरुप रानी अस्पताल पहुंची.

कीडगंज(इलाहाबाद) स्थित अपने लाज में 
“यहाँ क्या...?” मुझ नासमझ पत्रकार ने पूछा.

“घर में बैठे-बैठे पत्रकारिता करोगे तो यही होगा. यहीं से तो सब मसाला मिलेगा. देखते जाओ.”

मुझे अपनी काहिली पर फिर शर्म आई और मैंने सोचा कि अब मैं रोज़ सुबह इसके साथ निकला करूँगा और सीखूंगा कि ख़बरें कैसे निकालते हैं. अस्पताल में जाते ही उसने कल रात और आज सुबह भर्ती हुए लोगों की लिस्ट देखी. जो मारपीट वाले मामले थे उसके बेड नंबर उसने नोट कर लिए फिर हम अस्पताल के भीतर पहुंचे. ज़्यादातर मरीज़ गांवों से आये होते थे और ज़्यादातर मामले ज़मीन या लड़की के होते थे जिनमे एक पक्ष ने दूसरे को कट्टे, लाठी या चाकू से मार कर घायल किया होता था. कुछ लोग मर चुके होते थे जिनकी लाश मोर्चरी में रखी होती थी. अर्बेन्द्र ने भीतर जाकर पीड़ित पक्ष का बयान लिया और एक दूसरे मामले में, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो चुकी थी, कुछ नोट किया. इसके बाद वह मोर्चरी की ओर चल पड़ा. मैं भी उसके पीछे हो लिया.

“देखो, यहाँ डेड बॉडी पड़ी होगी. आओ उसको देखते हैं.”

मैंने प्रतिवाद किया की हम मृत व्यक्ति का शरीर देख कर क्या करेंगे, ये तो फोटोग्राफर का  काम है. हमें खबर चाहिए थी जो मिल गयी. अब हमें चलना चाहिए.

“ऐसे नहीं होती है पत्रकारिता, पत्रकार का सब काम होता है...देखना पड़ता है, आओ अन्दर आओ. थोड़ा भी डेडिकेशन नहीं है तुम्हारे अन्दर...”

वो एक सरकारी शव विच्छेदन गृह था जिसमें एसी और कूलर क्या , पंखे तक की व्यवस्था नहीं थी. लाशें पोस्टमोर्टम के बाद बुरी तरह बदबू कर रही थीं. अर्बेन्द्र ने वहाँ के कर्मचारी, जो उसे पहचानता था, से पूछा, “और, क्या हाल ?”

“सब चकाचक.”

“कितना विकेट गिरा आज चाचा ?”

कर्मचारी ने लाशों को गिनते हुए बताया, “एक, दो अउर ....तीन. तीने ठो है आज तो..”

“कैसे कैसे मरे...? हत्या वाली बॉडी कौन सी है ?”

“ये वाली, बाकी तो दोनों लावारिस है.”

“अच्छा, कितनी चोटें लगी हैं चाकू की ?”

“१२ से १५ चोट हैं, छोट बड सब मिला के..” कर्मचारी ने खैनी मलते हुए बताया. वहाँ की बदबू से मेरा दिमाग फटा जा रहा था लेकिन मैं अब अर्बेन्द्र से ये नहीं कह सकता था कि यहाँ से जल्दी चलो. वह फिर जोड़ देता, “ऐसे पत्रकार नहीं बन जाता कोई.” मैं चुप रहा और सोचता रहा कि आखिर अर्बेन्द्र भी तो ये सब सह ही रहा है. मैंने मन ही मन सोचा कि भाड़ में जाए क्राईम रिपोर्टिंग, मैं पोलिटिकल और कल्चरल करके ही खुश रहूँगा.

अर्बेन्द्र ने आराम से सारी बातें नोट की और वहाँ से बाहर निकल कर जब हम एक चाय की दुकान पर आये तब मैंने गला खंखार कर कई बार थूका और लंबी सांसे लीं. अर्बेन्द्र मेरी ओर देख कर मुस्करा रहा था. उसने दो चाय का ऑर्डर दिया. मुझे मितली सी आ रही थी, लाशों की सडन भरी बदबू मेरी नाक में घुस गयी थी जो निकलने को तैयार नहीं थी. लेकिन मैंने चाय के लिए मना नहीं किया वरना मुझे कुछ और व्यंग्य बाण सहने पड़ते. लेकिन हद तो तब हो गयी जब उसने दो समोसों का भी ऑर्डर दे दिया. मैंने तुरंत मना किया.

“मैं समोसा नहीं खा पाउँगा...”

“अरे खाओ...ये सब यहाँ रोज होता है. छोटी मोटी बातें हैं...टेंशन मत लो. चांप के खाओ.”

मैं कुछ नहीं बोला और समोसा खाने से बचने के लिए मैंने पास की गुमटी से एक गोल्ड फ्लेक लेकर सुलगा ली. उसने मेरी ओर दया भरी नज़रों से देखा जिसमे भाव था कि ‘मेरी कितनी भी कोशिशों के बावजूद तुम असली पत्रकार नहीं बन सकते.’ मेरे चेहरे पर न चाहते भी भाव आ गया कि ‘मुझे बनना भी नहीं असली पत्रकार, मैं अपने काहिलपने में बहुत खुश हूँ.’

लेकिन दुखद पहलू ये रहा कि महीनों दौड़ कर इस तरह मेहनत करने के बाद भी उस अखबार ने वादे के मुताबिक उसे पैसे नहीं दिए. जब भी तनख्वाह मिलने का समय आता, उसे टाल दिया जाता और जब वह ज्यादा जिद करता तो उसे कभी 500 और कभी 1000 रुपये थमा दिए जाते. मेरी याद्दाश्त अगर धोखा नहीं खा रही तो अभी भी उस अखबार पर अर्बेन्द्र के बहुत सारे पैसे बाकी हैं. पगार देने में की गयी हीला-हवाली ने उसके काम करने के जज़्बे पर असर डाला था. वह अक्सर निराश सा रहता और कई बार बातों-बातों में कहता कि वह यह फील्ड छोड़ने के बारे में सोच रहा है. कई बार निराशा हद से बढ़ने पर वह शंकरगढ़ अपने गांव चला जाता और वहाँ से आकर हमें डॉक्यूमेंट्री के विषय बताता. वह कहता कि उसके गांव में ऐसे बहुत से मुद्दे हैं जिन पर अच्छी डॉक्यूमेंट्री बनायी जा सकती है. मुझे  उसके साथ का पहला अनुभव याद आ जाता और मैं साफ मुकर जाता. हालाँकि मोर्चरी वाले मुद्दे पर मैं डॉक्यूमेंट्री बनाने की सोच रहा था और विवेक से इस मुद्दे पर मेरी बात भी चल रही थी. इसी बीच उसने अपना दुखड़ा गिरीश सर से रोया या उसको कुछ और संपर्क मिल गए, मुझे उतना स्पष्ट तो याद नहीं कि कैसे लेकिन उसे यूनाइटेड भारत में फ्रीलांसिंग करने का मौका मिल गया. उसे कुछ साहित्यकारों के साक्षात्कार , कला साहित्य टाईप के किसी पृष्ठ के लिए लेने थे और इसके लिए उसने मेरी मदद भी मांगी. मैंने उससे कहा कि मैं हमेशा उसके लिए तैयार हूँ.

इधर 'मुखातिब' की गोष्ठियों की बाकायदा शुरुआत हो चुकी थी. 2007 के किसी महीने में एक रविवार कुछ लोगों की उपस्थिति में मुरलीधर जी ने ‘मुखातिब’ की पहली कहानी ‘खोखल’ का पाठ किया जो बाद में कथादेश में छपी. पांच छह लोगों से शुरू हुआ ‘मुखातिब’ का कारवाँ ऐसा चला कि एक दिन ऐसा भी आया जब इलाहाबाद का कोई साहित्यकार ऐसा नहीं बचा था जिसने ‘मुखातिब’ में शिरकत ना की हो. कुछेक ऐसे साहित्यकार जो आने में असमर्थ थे जैसे शिवकुटी लाल वर्मा, ‘मुखातिब’ उनकी कविताओं पर गोष्ठी करवाने उनके घर पर भी पहुंचा. शुरुआत में हिमांशु जी, मुरलीधर जी, सत्यकेतु जी के अलावा जो दो और नए लोग इस नेक काम के लिए जुड़े थे उनमे कैलाश जी और देवेन्द्र जी प्रमुख थे. देवेन्द्र जी साहित्य प्रेमी थे और वे ‘बेली रोड’ स्थित जिस स्कूल में पढ़ाते थे, उनके सौजन्य से उसी स्कूल को हर दूसरे रविवार ‘मुखातिब’ की गोष्ठी के लिए चुना गया. यहाँ से इलाहाबाद में मेरे बिताए गए दिनों को दो भागों में बांटा जा सकता है. पूर्व कैलाश काल और उत्तर कैलाश काल, यानि कैलाश जी से मिलने से पहले का मेरा इलाहाबाद प्रवास और कैलाश जी से मिलने के बाद का इलाहाबाद प्रवास. कैलाश जी इलाहाबाद के सबसे सज्जन आदमी थे और उनकी सज्जनता का हुलिया , पीने के पहले और पीने के बाद कुछ इस तरह से आपस में घुलता मिलता था कि उसे अलगाना मुश्किल है. मैं अगर थोड़ा विस्तृत ढंग से समझाने की कोशिश करूँ तो यही कि सज्जन तो वह पीने के बाद भी रहते थे और वही मीठी बातें पीने के बाद भी करते थे , लेकिन यदि कोई चुस्त मुस्तैद आदमी रहे तो पकड़ लेगा कि पीने के बाद हर मीठी बात के बाद सच बोल कर उसका खंडन भी करते थे. प्राइमरी का अध्यापक होने के साथ-साथ वह ज्ञानवाणी में भी काम करते थे और उनकी आवाज़ और उच्चारण एकदम बेदाग और गरिमापूर्ण थी. उनकी ज़िंदगी की असली कहानी ऐसी थी कि वह बड़ी-बड़ी कल्पनाओं पर भारी पड़ती थी.

                                                                                                               क्रमश ......

                                                                                                    प्रत्येक रविवार को नयी किश्त 

संपर्क - 

विमल चन्द्र पाण्डेय 
प्लाट न. 130 - 131 
मिसिरपुरा , लहरतारा 
वाराणसी , उ.प्र. 221002

फोन न. - 09820813904
         09451887246

फिल्मो में विशेष रूचि 




बुधवार, 13 जून 2012

अपनी जमीन का कवि -- केशव तिवारी


                    
                                    केशव तिवारी 

                                   
हिंदी के जाने पहचाने आलोचक रेवती रमण का युवा कवि केशव तिवारी की रचनाओं पर केन्द्रित यह लेख "आधारशिला" पत्रिका में छपा था  | 'सिताब दियारा' ब्लाग इस महत्वपूर्ण लेख को आपके समक्ष प्रस्तुत करते हुए गर्व का अनुभव  कर रहा है | 

              
                अपनी जमीन की कविताएं

 केशव तिवारी हिन्दी के एक ऐसे युवा कवि है जिनकी कविता का एक जनपद है। उनका आंचलिक वैशिष्ट्य भाषा और संवेदना-दोनो ही स्तरों पर स्पष्ट लक्षित होता है।  प्रगतिशील यथार्थवादी कविता परम्परा का असर उनकी अभिव्यक्ति को अनुकृति या प्रतिकृति सिद्ध नहीं करता। लेकिन समकालीन परिदृश्य में जो नये ढंग का रीतिवाद प्रचलित है, उससे मुक्त वह इस वजह से ही रह सके हैं कि उनकी अपनी एक जमीन है, ग्राम,समाज और जनपद की वेदना और वैभव की पुकार है केशव की कविता। वह भीतर से भरे हुए की शब्दावली है इसीलिए उत्तर आधुनिक प्रेतात्माओं से प्रभाव-ग्रहण किये बिना ही केशव की कविता खुद का संदर्भ रचती है। उसमे अन्तर्वस्तु ग्राम परिवेश है और जो बड़ी तेजी से बदल रहा है। बदलाव इतना त्वरित है कि पहचान का संकट गहराने लगा है। केन नदी से लेकर बेतवा के विस्तार तक केशव की कविता का जनपद उनके कवि-कर्म का स्वानुभूत जीवन-द्रव्य हैं। उन्हें पढ़ते हुए केदार नाथ अग्रवाल और विजेन्द्र का स्मरण संस्मरण जैसा नहीं लगता।  गालिब और त्रिलोचन दोनों का सहयोग है।
           
सच यह भी है कि केशव तिवारी तीन पीढ़ियों के अनुभव-यथार्थ का भार वहन करते हैं-दो समानान्तर विचार-व्यवस्था और विसंगति-बोध के साथ। बावजूद इसके कि मौजूदा यथार्थ कवि के स्मृति -लोक का निषेध है। केशव का मनोवांछित स्मृति-निर्भर है। पर जो चुनौती के रूप में उन्हें चिढ़ा रहा है, वह बाजार और व्यभिचार है, जिसकी आकृति किसी तिलिस्म से कम रहस्यमय नहीं है। तथापि केशव एक प्रतिबद्ध और पक्षपर कवि हैं, उनमें एक खास तरह की विहंगता है, अपने समय की प्रायोजित चिन्ताओं की शल्य-चिकित्सा के युवा-उत्साह के बावजूद मितकथन का संयम है। मानवता के लिए करुणा की एक संक्षिप्त पूंजी भी है उनके पास। इसलिए हम कह सकते हैं कि उनका आरंभ ही अन्त नहीं होगा, आनन्द की साधनावस्था की जो श्रेणी है, केशव उससे ही जुड़ते हैं।
           
केशव के दो संग्रह अब तक प्रकाशित हो चुके हैं,- 1. ‘इस मिट्टी से बना’ (2005) और ‘आसान नहीं विदा कहना’(2010) पहले की भूमिका विजेन्द्र ने लिखी हैं और दूसरे की डॅा0 जीवन सिंह ने। डॅा0 रमाकान्त शर्मा ने भी  ‘बुन्देलखंड जनपद की सजीव प्रस्तुति’ के लिए केशव की प्रशंसा की है। विजेन्द्र की मानें तो ‘केशव के  पास अपनी जमीन है और अपना बीज भी ।’ इन तीन महानुभाओं की सहमति स्वीकृति, यात्रारंभ की बड़ी उपलब्धि मानी जायगी।
           
केशव तिवारी का दूसरा संग्रह ‘आसान नहीं है विदा कहना’ उनके पहले संग्रह से बेहतर है। हम दावे से यह नहीं कह सकते। क्योंकि इसमें भी वहीं ताजगी है। जीवन सिंह के शब्दों में कहे तो ‘जीवन के रस में पगी हुई हैं- वे कवितांए जीवन की नदी में नहाकर निकली हैं।, इस संग्रह की कविताओं में भावुकता परम निश्छल है, इतनी बढ़ी हुयी।’ कि कवि पहाड़ो के लिए भी घर की कामना करता हैं। ‘घर होगा तो यह भी सो सकेंगे।’ सूरज जेठ में जब सर चढ़ेगा तो उसके तीखे ताप से बच सकेगें, यह कहते हुए कि ‘कुछ चुजों के आंखें खोलने का मौसम है।’ (पृ-23) पहले संग्रह की कविताओं नदी-जल की प्रवहमान निरन्तरता है लेकिन दूसरे में पहाड़ों का पथराया हुआ चेहरा संतप्त है। वक्त का आईना इतना धुंधला गया है कि उसके एक कोने में, अत्यन्त छोटे हिस्से में बचा रह गया है उजाला।
           
‘बांदा’ शीर्षक से केशव के दोनों संग्रहों में कविता हैं। पहली में ‘बांदा’ के मानिक कुइयां, छाबी तालाब, टुनटुनिया पहाड़, केन नदी  और उसमें पाये जाने वाले मूल्यवान पत्थर ‘शजर’ की चर्चा है। ‘बांदा’ में खास कुछ है जो केदार को कहीं और टिकने नहीं देता था।  वे लौट-लौट आते/जानने को इसका हाल। कवि की दृष्टि में किन्तु ‘यह शहर है बोड़े हलवाई, ढुलीचन्द मोची और चमड़े पर उस्तरा देते पीरु मियां का।’ (इस मिट्टी से बना, पृ. 31-32) नये संग्रह में ‘बांदा’ कविता बड़ी हो चली है। इसमें 1857 के नवाब नायक, कामरेड दुर्जन, प्रहलाद, तुलसी, पद्माकर, केदार को लोग याद क्यों नहीं रखते, इस बात का क्षोभ दर्ज कराया गया है। हकीकत यह भी है कि स्वयं केशव तिवारी को बांदा अपने से अधिक समय दूर नहीं रहने देता। उनके बाहर रहने पर बांदा आकर खड़ा हो जाता है सिरहाने/कहता है घर चलो/महाकौशल टेªन से लौटते हुए वह देखता है भूरागढ़ का दुर्ग। ‘नागार्जुन के बांदा आने पर’ केदार की बड़ी प्रसिद्ध कविता है। केशव ने गालिब के बांदा आने पर अपने अनोखे अन्दाज में लिखा है। गालिब को उन्होंने देखने का एक फटेहाल परेशान शायर कहा है। बांदा में कभी रहीम भी आये थे, अपने दुर्दिन में जब दिल्ली ने उन्हें ‘देश निकाला दे दिया था। केशव तिवारी बांदा को इसलिए भी महत्व देते हैं कि ‘दिल्ली के दर्प को उसने कभी नहीं कबूला।’ गालिब के जाने-माने शेर से ‘बांदा’ कविता का समापन हुआ है-
                                               
                           इब्ने मरियम हुआ करे कोई
                                                मेरे गम की दवा करे कोई।
           
यह गम गालिब का है तो ‘बांदा’ के कवि केशव तिवारी का भी है जिसे विगत वैभव की स्थिति है लेकिन स्वाभिमान बेचना बिल्कुल नहीं । उत्तर छायावाद के एक अत्यन्त लोकप्रिय कवि थे गोपाल सिंह ‘नेपाली’। वह कविता को स्वाभिमान की सुगन्ध कहते थे। सपने और स्वाभिमान के अभाव में कविता जातीय संगीत नहीं अनर्गल प्रलाप ही हो सकती है। गालिब की परेशानी में केशव अपने समय के सबसे संवेदनशील मनुष्य की परेशानी लोकेट करते हैं।
           
‘केन के पुल पर शाम’ की नाभि पर कवि की अनुराग बांसुरी बाम्बेसुर पहाड़ी से झांकते चांद की रोशनी में आलोकित हो उठती है। प्रेम करने के लिए जैसे एक खानाबदोश को सब समय नये ठिकाने की तलाश रहती है। इस कविता में नटवीर की समाधि का प्रसंग आता है, जिसने एक बादशाह की बेटी से प्रेम करने की हिम्मत की थी और जिसकी याद में आज भी वहां मकर संक्रान्ति में आशिकों का मेला लगता है। (पृ.-52 ) इसमें एक कविता ‘त्रिलोचन जी के लिए’ भी है। उनके लिए प्रयुक्त ‘जती’ शब्द कितना सटीक और व्यंजक है। भदेस और देसी कहकर जिसे विद्वानों ने दुत्कारा-‘वह साहित्य के निर्जन में पेंडुकी के स्वर में निरन्तर बोलता रहा। मौनभरी बेईमानी की गांठें खोलता रहा। अपने जनपद का पक्षी वह विश्वगगन को तोल रहा था।’ (पृ.-73 )
           
‘अवधी’ के जायसी-तुलसी-त्रिलोचन से केशव तिवारी का अपनाया भाषा की संस्कृति में अपने पूर्वज के प्रति सम्मान से कहीं अधिक सृजन-संवाद हैं। अवध की संस्कृति की शान है बिरहा, कजरी, नकटा, आल्हा, चैती। केशव की कविता की लयात्मक समृद्धि के पीछे लोक संवेदना और लोक संगीत है। जिस कवि की मातृ-भाषा अवधी हो और कर्म-क्षेत्र का विस्तार विशाल बुन्देलखण्ड, उसका अनुभूति क्षेत्र बड़ा होगा ही। केशव गहरी क्षमता से केदार और त्रिलोचन के सृजन-जनपद को मिलाने और आत्मसात करने की कोशिश में हैं। मानों अवध का अनुरागी बुन्देलखण्ड के अन्न-जल से अपनी भूख-प्यास को मिटाने की कोशिश कर रहा हो। इस प्रक्रिया में ही केशव की कविता स्थानिक उपकरणों से लैस होती है।
           
मैं कहना यह चाहता हूं कि केशव तिवारी के काव्य में लोकधर्मिता की समृद्धि का कतई यह अर्थ नहीं है कि, वे कविता में अपने कारणों से नहीं आए हैं। उनकी आरंभिक कविताओं में पारिवारिकता के सधन संदर्भ हैं। मां, पिता, आजी, नानी, को लेकर उनकी अभिव्यक्ति सहज मानवीय है। वह जनपदीय जीवन-व्यापार का प्रस्थान-बिन्दु हैं। व्यक्ति-राग का निश्छल और सघन किन्तु समकालीन संस्करण केशव तिवारी की उपलब्धि है। उनकी ‘एहसास’ कविता की आरंभिक पंक्तियां हैं।

इसके सिवा/हम कर भी क्या सकते थे
कि जिस फिसलन भरे रास्ते पर हम खड़े हैं
खुद को/फिसलन जाने के भय से मुक्त रखें (पृ.-56)

कोई बड़ा दावा नहीं, दंभ और दहाड़ नहीं। बहुतेरे खाई में गिरकर भी शिखर पर होने का विज्ञापन कर रहे होतें हैं, उन्हें अपना सब बढ़िया-सुन्दर-श्रद्धेय जंचता है, अन्य का हेय और अकार्य। केशव की कविता में आत्म वैभव का विज्ञापन नहीं है। वैसे, संप्रति, फिसलने से बच रहना साधारण तप नहीं है। यह उस साधना का स्थानापन्न है जिसे विजेन्द्र श्रेष्ठ कविता-कर्म की निधि मानते हैं। केशव का विश्वास ‘चैत के घोर निर्जन में खिले पलास’ का बिम्ब है।
           
मैं मानता हूं कि इस कवि की सामाजिक राजनीतिक चेतना उपेक्षणीय नहंी है पर उसका केन्द्र कवि की प्रेमानुभूति ही है-
                        तुम्हारे पास बैठता और बतियाना
                        जैसे बचपन में रुक-रुककर
                        एक कमल का फूल पाने के लिए
                        थहाना गहरे तालाब को
                        डूबने के भय और पाने की खुशी के साथ-साथ
                        डटे रहना...... जैसे अमरूद के पेड़ से उतरते वक्त
                        खुना गई बांह को/साथ-साथ महसूस करना (पृ.-54)
           
इस कविता की अन्तिम पंक्तियां केशव की कवि-प्रकृति को समझने में सहयोग करती हैं-
                       
              तुम्हारे चेहरे पर उतरती झुर्री
                        मेरे घुटनों में शुरू हो रहा दर्द
                        एक पड़ाव पर ठहरना
                        एक सफर का शुरु होना (पृ.-54)
           
यहां काजी गांव के अन्देशे से दुबला नहीं होता है ।  जिस झुर्री की बात कर रहा है कवि वह उसके हमसफर के चेहरे तक ही सीमित नहीं रहती। यह वह झुर्री है जो प्रेमिका के चेहरे पर ही नहीं, कवि के कुल समय को अपनी गिरफ्त में ले चुकी है । वह केशव के रचना-समय की सबसे बड़ी चुनौती है बाजार।इसलिए पेड़, पहाड़, नदी के चरित्र-चित्र से ही केशव की क्षमता का अन्दाजा लगाना उनकी मुश्किलों को अनदेखा करना होगा।
           
केशव के नये संग्रह में एक कविता ‘बेचैनी’ है-
                       
              एक बेचैनी/जिसने रचा इस दुनिया को
                        एक बेचैनी/जिसने कायम है यह दुनिया
                        एक और बेचैनी है/जिसे मैं
                        तुम्हारी आंखों में देखता हूं। (पृ.-44)
           
यहां ‘देखने’ का समकाल केशव की वर्णना का वैशिष्ट्य है। ‘राम की शक्ति-पूजा’ में निराला  के राम, सीता, की आंखों में केवल अपनी छवि देखते हैं। केशव-प्रिया की आंखों में जो बेचैनी है वह सृजन और संरक्षर से ऊपर की बेचैनी है। यह बचाव की मुद्रा है। उत्तर आधुनिक महानगरीय आपाधापी में खुद के लिए एक स्पेस की चाहत है। पर वहां तो पार्को में भी जगह नहीं बची। कभी मयाकोब्स्की ने कहा था-‘आज हमारे रंग की कूंची हुई सड़कें/और कैनवास हुई पार्क, गलियां, चैराहे।’ केशव आज के संदर्भ में चुनते हैं तो उनकी सारी उत्सवधारीयता हवा हो जाती है। सही है कि बाजार सभ्यता के जन्म से ही उसके साथ है। लेकिन दादा जी के लिए बाजार का अर्थ था गांव लड्डू बनिया। पिता के लिए वह बाजार जैसा बाजार रहा। आज वह सर्वग्रासी रूप में सामने है। कवि के लिए एक तिलिस्म-जैसा नहीं, एक तिलिस्म बाजार में इज्जत खरीदने की क्षमता से मिलती है। यह क्षमता कविता नहीं देती । केशव की उलझने इस वजय से बढ़ी हैं । लखकर अनर्थ आर्थिक पथ पर। जो पहले सिंह-सा दहाड़ते थे, बिगड़ैल सांड़-सा फुफकारते थे और जिन्हे लगता था कि देश और जाति का स्वाभिमान उन्हीं से है-वे सियार सा हुहुचा रहे हैं, बगलें झांक रहे है। कवि का अनुभव है-
‘घने कीचड़ में फंसता है गरियार बैल
तब जुआं छोड़ कर बैठ जाता है वहीं
फिर कुसिया से खोदने पर भी उठता नहीं ।’
           
केशव भीतर-बाहर शिख से नख तक सह्दय हैं, कवि हैं। उनका अन्तर्घट लबालब है-जो जरा-सा हिल जाने से छलक पड़ता है। इसमें खोने-पाने के खेल में कुछ न पाकर भी किंचित गंवा देने का आभास नहीं है। जैसे मुक्तिबोध के लिए कवि-कर्म ‘सहर्ष स्वीकारा’ है। केशव का भी यही सच है। कवि -कर्म कठिन है, अफसोस नहीं । रही बेचैनी की बात तो ‘चैन तो फुटपाथ पर भी  मिल जाता है और बेचैनी महलों को ललकारती है । ‘केशव की काव्य भाषा में खोने-पाने का संदर्भ आम आदमी की दिनचर्या की सादगी और सफाई से प्रतिकृत है। था कुछ और ।
सोचा था कि दादा जी की तरह पेड़ लगाऊंगा
खुले कठं से चैता गाऊंगा
दादा की तरह ही चैपाल पर बैठूंगा
मूंछें ऐंठूंगा
हल्के-हल्के मुस्कराऊंगा।’

लेकिन हो रहा कुछ और है। कवि को चाकरी करनी पड़ रही है और वह कैरियर की खोह में फसं कर रह गया है।
रोज तरह-तरह के समझौते
घिसट-घिसट कर निभाना।
           
घर और कार के लिए ऋण लेना और मरते दम तक चुकाना। नये उपनिवेशवाद का सामना पुराने मोंथरे औजारों से, हथियारों से कैसे हो। केशव तिवारी की कविताएं सभ्यता-समीक्षा की नई तहजीब हैं। इसमें खुद को भी जांचते-परखते रहने की तरकीबें हैं।


                                रेवती रमण हिंदी के सुपरिचित और महत्वपूर्ण आलोचक हैं             



नाम               - केशव तिवारी
शिक्षा              -  बी0काम0 एम0बी0ए0
जन्म              -   अवध के एक ग्राम जोखू का पुरवा में
प्रकाशन            -    दो कविता संग्रह प्रकाशित  1... “इस मिट्टी से बना”
                                                     2... “आसान नहीं विदा कहना”
सम्प्रति                  -     हिंदुस्तान यू0नी0 लीवर लि0 में कार्यरत्

                  -     कविता के लिये सूत्र सम्मान:      
                  -    सभी महत्वपूर्ण पत्र-पत्रिकाओं में कवितायें प्रकाशित |
                  -   कुछ कविताओं का मलयालम, बंगला, मराठी, अंग्रेजी में अनुवाद
संपर्क              -  द्वारा – पाण्डेय जनरल स्टोर , कचहरी चौक , बांदा (उ.प्र.)
मोबाइल न.         – 09918128631